आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज जयपुर में कांग्रेस के नए मुख्यालय भवन की नींव रखेंगे। शिलान्यास के बाद दोनों नेता मानसरोवर के शिप्रा पथ पर हाउसिंग बोर्ड ग्राउंड पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लिए राहुल गांधी शनिवार सुबह करीब 7 बजे ही जयपुर पहुंच गए। दोपहर करीब 12 बजे वे महारानी कॉलेज पहुंचे और यहां से मानसरोवर स्थित सभा स्थल तक एक छात्रा के साथ स्कूटी पर सफर किया।
इससे पहले एयरपोर्ट पर सीएम अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राहुल गांधी का स्वागत किया। राहुल गांधी पहले मानसरोवर में कांग्रेस के नए मुख्यालय भवन का शिलान्यास करेंगे, फिर दोपहर में उनकी सभा होगी। इसके बाद वह 3.30 बजे गांधी वाटिका का लोकार्पण करेंगे।
माना जा रहा है कि राहुल गांधी और खड़गे इस सभा में कांग्रेस नेताओं को नई सियासी लाइन देकर जा सकते हैं। महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली सभा है। ऐसे में महिलाओं को लेकर भी कोई घोषणा हो सकती है।
सभा में कांग्रेस के 60 हजार पदाधिकारियों को बुलाया
राहुल गांधी की सभा में कांग्रेस के 52 हजार से ज्यादा बूथ अध्यक्षों, 2200 मंडल अध्यक्षों, 400 ब्लॉक अध्यक्षों, 40 जिलाध्यक्षों को मिलाकर करीब 60 हजार के आसपास पार्टी पदाधिकारियों को इस सभा में बुलाया गया है। जयपुर और आसपास के जिलों से कार्यकर्ताओं को भी बुलाया गया है।
राहुल की सभा में काले रंग के स्कार्फ, टोपियां गेट पर रखवाईं
राहुल गांधी की सभा में काले रंग की कोई भी चीज ले जाने पर पाबंदी है। पुलिसकर्मी काले रंग की टोपी, स्कार्फ और बैग सभा के गेट पर ही उतरवाकर रख रहे हैं।
राहुल की सभा से चुनाव अभियान का आगाज
राहुल गांधी और खड़गे की इस सभा के जरिए कांग्रेस के चुनावी अभियान को धार देने जा रही है। राजधानी में राहुल और खड़गे की बड़ी सभा को कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत मानी जा रही है।
मोदी की सभा से दो दिन पहले राहुल-खड़गे की सभा, दोनों की होगी तुलना
राहुल-खड़गे की सभा ऐसे समय हो रही है, जब दो दिन बाद ही 25 सितंबर को जयपुर में प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी सभा है। कांग्रेस मोदी की सभा से पहले सियासी ताकत दिखाने के प्रयास में है। कांग्रेस ने सभा में ग्रासरूट स्तर के पार्टी पदाधिकारियों को बुलाया है, जबकि पीएम की सभा में आम लोगों को भी बुलाया गया है। दोनों ही सभाओं में जुटी भीड़ की सियासी तुलना जरूर होगी।
सभा के बाद गांधी वाटिका का होगा लोकार्पण
मानसरोवर में सभा के बाद राहुल गांधी वहीं सेंट्रल पार्क में बनी गांधी वाटिका का लोकार्पण करने भी जाएंगे। गांधी वाटिका सीएम अशोक गहलोत का ड्रीम प्रोजेक्ट है।