आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस सासंद राहुल गांधी को अपने खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। रविवार को हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- वायनाड छोड़िए, शेरवानी-काली टोपी वाले से मुकाबला करिए।

16-17 सितंबर को कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक के दौरान राहुल ने ओवैसी पर भाजपा का साथ देने का आरोप लगाया था। राहुल ने कहा था- तेलंगाना में कांग्रेस सिर्फ BRS नहीं, भाजपा और AIMIM के खिलाफ भी चुनाव लड़ रही है।

ओवैसी ने एक हफ्ते बाद राहुल पर पलटवार किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस बड़ी-बड़ी बातें करती है। यही कांग्रेस थी जब बाबरी मस्जिद और सचिवालय की मस्जिद गिराई गई थी। जमीन पर आइए, मुझसे मुकाबला करिए। मैं तैयार हूं। दो-दो हाथ करेंगे। मजा आएगा।

कांग्रेस का पलटवार, ओवैसी नॉन-मुस्लिम सीट से लड़के दिखाएं

ओवैसी के बयान पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा- ओवैसी को किसी नॉन-मुस्लिम सीट से लड़के दिखाना चाहिए। वो खुद को हिंदुस्तान का नेता बताते हैं। हैदराबाद के बाहर AIMIM का कोई वजूद नहीं है।

सबको पता है कि AIMIM के कैंडिडेट्स भाजपा तय करती है। वहां से निर्देश मिलते हैं। सर्वे बताते हैं कि राहुल गांधी की लोकप्रियता 28-30% है। ओवैसी 2.5% पर आ जाए तो बहुत बड़ी बात है।

इस साल के अंत में तेलंगाना विधानसभा चुनाव होंगे

इस साल नवंबर-दिसंबर तक तेलंगाना सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे। तेलंगाना में विधानसभा की 119 सीटें हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (अब भारत राष्ट्र समिति) ने 88 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।

वहीं कांग्रेस को 19, AIMIM को 7, टीडीपी को 2, भाजपा-AIFB को 1-1 सीट हासिल हुई थी। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी। राज्य की 17 लोकसभा सीटों में से BRS के पास 9, भाजपा के पास 4, कांग्रेस के पास 3, AIMIM के पास 1 सीट है।

ओवैसी ने रमेश बिधूड़ी के बयान पर भाजपा को घेरा

लोकसभा में भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी द्वारा बसपा सांसद दानिश अली को गालियां दिए जाने के मामले में ओवैसी ने कहा- भारत की संसद में भाजपा का एक सांसद एक मुस्लिम सांसद को गंदी गालियां देता हैं। लोग कह रहे हैं कि पार्लियामेंट में नहीं बोलना चाहिए था। उसकी जुबान खराब थी।

देश के प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं बोला। जुनैद-नासिर मारे गए। महाराष्ट्र में तीन मुस्लिमों के नाम पूछकर ट्रेन में गोली मार दी गई। पीएम ने मुंह नहीं खोला। हमारे देश में एक माहौल पैदा किया गया है कि नफरत करो और राज करो।