सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेडन्यूज़ भोपाल: देश के कई राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में शुक्रवार (19 जनवरी) रेड अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के भटिंडा में आज घने कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई।अमृतसर और पटियाला में 25 मीटर विजिबिलिटी रही।

दिल्ली में कोहरे के कारण 22 ट्रेनें एक से छह घंटे तक लेट रहीं। कई फ्लाइट्स भी लेट चल रही हैं। पालम स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर दर्ज की गई।

इधर, IMD ने मध्य प्रदेश और राजस्थान में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर बर्फबारी से MP के कई शहरों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति है। गुरुवार (18 जनवरी) को खजुराहो-ग्वालियर में दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री से कम रहा।

राजस्थान के जयपुर में कोल्ड वेव के बीच आज सुबह जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। IMD ने बताया कि जयपुर में आज का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

20 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम

निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम के कुछ हिस्सों में कोल्ड-डे से लेकर सीवियर कोल्ड-डे की स्थिति रह सकती है।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, केरल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राज्यों में मौसम का हाल…

MP में टेम्प्रेचर गिरा, बर्फीली हवाओं की चपेट में प्रदेश; दतिया-नौगांव में न्यूनतम पारा 3 डिग्री रहा

पहाड़ों में बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में भी है। बर्फीली हवाएं आने से प्रदेश के कई शहरों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति है। गुरुवार को खजुराहो-ग्वालियर में कोल्ड-डे रहा। दोनों ही शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री से कम रहा।

शुक्रवार को भी प्रदेश में ठंड का असर रहेगा। 20 जनवरी के बाद रात में भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी। गुरुवार-शुक्रवार की रात नौगांव और दतिया में 3 डिग्री तापमान रहा। यह प्रदेश में सबसे कम था। इसके अलावा सागर और गुना में भी न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के नीचे रहा।

पूरे बिहार में सीवियर कोल्ड-डे और घने कोहरे का अलर्ट, 24 जनवरी तक ऐसा ही रहेगा मौसम बिहार में जनवरी की शुरुआत से भीषण ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 38 जिलों में सीवियर कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आने वाले दिनों में इससे राहत नहीं मिलने वाली है। आने वाले समय में ठंड और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने 19 से 24 जनवरी तक राज्यभर में कोल्ड-डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। 24 जनवरी के बाद ही मौसम में कुछ सुधार होने की उम्मीद है।