सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को प्रदेश सरकार हिमाचल से राज्यसभा भेज सकती है। चुनाव आयोग द्वारा सोमवार को इलेक्शन का शेड्यूल जारी करते ही सियासी गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का बतौर राज्यसभा सांसद अप्रैल 2024 में कार्यकाल पूरा हो रहा है। प्रदेश में इस वक्त कांग्रेस की सरकार है। अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस हाईकमान तय करेगा कि किसे राज्यसभा भेजा जाए।
नए राज्यसभा सांसद की रेस में प्रियंका गांधी का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। प्रियंका का शिमला से करीब 14 किलोमीटर दूर छराबड़ा में अपना मकान भी है। इसलिए उन्हें हिमाचल से खाली हो रही एक सीट से राज्यसभा भेजा जा सकता है।
सूत्रों की माने तो प्रियंका गांधी यदि उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ती हैं और राज्यसभा सांसद का ऑफर ठुकराती हैं तो पूर्व में केंद्रीय मंत्री रहे आनंद शर्मा और विप्लव ठाकुर भी दावेदार हो सकते हैं।
प्रियंका का कोई नेता नहीं कर पाएगा विरोध
मुख्यमंत्री सुक्खू यदि प्रियंका गांधी का नाम आगे करते हैं तो उनका विरोध कोई नेता नहीं कर पाएगा। दूसरे नेता का नाम आगे करने से प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में नाराजगी बढ़ सकती है।
G-23 गुट आनंद के आड़े आ सकता है
आनंद और विप्लव दोनों सुखविंदर सुक्खू के भी कटर समर्थक रहे हैं। मगर, आनंद शर्मा का जी-23 गुट से जुड़ा होना उनकी तैनाती में बाधा उत्पन्न कर सकता है। इस वजह से कांग्रेस हाईकमान आनंद का विरोध कर सकती है। वहीं, विप्लव ठाकुर पहले भी राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं। उन्हें भी दोबारा मौका मिल सकता है। इनके अलावा आशा कुमारी और ठाकुर कौल सिंह भी राज्यसभा के लिए कांग्रेस के पास विकल्प हो सकते हैं।
27 फरवरी को आएंगे नतीजे
देशभर की 56 सीटों पर 27 फरवरी को नए राज्यसभा सांसदों का चयन होगा। चुनाव आयोग द्वारा शेड्यूल के अनुसार, 8 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी रखी गई है। इनकी जांच 16 फरवरी को होगी। इच्छुक उम्मीदवार 20 फरवरी को अपना नाम वापस ले सकेंगे। 27 फरवरी को पहले मतदान और इसी दिन रिजल्ट आएंगे।