आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सीवान कोर्ट में पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटा ओसामा शहाब की पेशी हुई, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। ओसामा के वकील ने जमानत की अर्जी दी है, जिस पर कल सुनवाई होगी। फिलहाल पुलिस ओसामा को कोर्ट परिसर से सीवान मंडल कारा के लिए ले गई है।
सीवान के हुसैनगंज थाना के छपिया में 42 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद और फायरिंग मामले में उसकी पेशी हुई। कोर्ट के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ रही।
भीड़ के बीच से पुलिस ओसामा को बड़ी मशक्कत से कोर्ट तक लेकर गई। समर्थक ओसामा के समर्थन में नारे लगाते दिखे। भीड़ को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस भी कोर्ट कैंपस में मौजूद रही।
बिहार पुलिस उसे कोटा से लेकर आज सीवान पहुंची। पुलिस की गाड़ी के पीछे ओसामा के समर्थक 50 से ज्यादा लग्जरी गाड़ियों में चलते रहे। पुलिस उसे सीवान कोर्ट लेकर आई तो वहां भी ओसामा के समर्थकों की भारी भीड़ दिखी।
बता दें कि ओसामा कोटा में जिस गाड़ी से घूम रहा था, वो चोरी की निकली। फॉर्च्यूनर के मालिक इमरान खान ने गाड़ी चोरी की शिकायत कर रखी है। कोटा पुलिस ने सोमवार को उसे दोस्तों के साथ गिरफ्तार किया था।
कोटा में सोमवार को ओसामा अपने दो दोस्त वसीम और सैफ के साथ गिरफ्तार हुआ था। जहां से सीवान पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया था।
इसके अलावा मोतिहारी में जमीन विवाद में फायरिंग और तोड़फोड़ का मामला भी ओसामा के खिलाफ दर्ज है। सीवान कोर्ट में पेशी के बाद मोतिहारी पुलिस भी ओसामा को रिमांड पर ले सकती है। सीवान एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने कहा दोनों के खिलाफ हुसैनगंज थाने में मामला दर्ज है। इस केस में पूछताछ की जाएगी।
चोरी की गाड़ी से घूम रहा था ओसामा
राजस्थान के राजगंजमंडी में पकड़ी गई फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी की बताई जा रही है। ओसामा शहाब अपने तीन दोस्तों के साथ इसी फॉर्च्यूनर से गोवा जा रहा था। इसी दौरान राजस्थान पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। फॉर्च्यूनर का रजिस्ट्रेशन नंबर DL8CBA7702 है। इस नंबर के रजिस्ट्रेशन की गाड़ी के खिलाफ चोरी का मामला वज़ीरपुर परिवहन कार्यालय में दर्ज है। जिसको लेकर रजिस्ट्रेशन नंबर लॉक कर दिया गया है। गाड़ी के मालिक इमरान खान ने गाड़ी चोरी होने का मामला दर्ज कराया है।
शांति भंग करने के आरोप में कोटा में पुलिस ने किया था गिरफ्तार
कोटा के रामगंजमंडी पुलिस ने ओसामा शहाब को उसके दो दोस्त वसीम और सैफ के साथ शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। रामगंजमंडी कोर्ट से तीनों को जमानत मिल गई। तीनों में से दो ओसामा शहाब और सैफ उर्फ सलमान के खिलाफ सीवान के हुसैनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज है।
छपिया जमीन विवाद में सीवान की पुलिस ने रामगंजमंडी कोर्ट के बाहर से ही ओसामा शहाब और सैफ उर्फ सलमान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को लेकर सीवान पुलिस सड़क के रास्ते ही सीवान के लिए निकल गई थी।
मोतिहारी में मारपीट, फायरिंग और तोड़फोड़ का मामला
दूसरी तरफ मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र के रानी कोठी में बहन के ससुराल में जमीन के बंटवारे में पड़ोसी के साथ मारपीट, फायरिंग और तोड़फोड़ करने को लेकर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज है। मोतिहारी एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि ओसामा शहाब के विरुद्ध नगर थाने में मामले दर्ज है। सीवान कोर्ट में पेशी के बाद मोतिहारी पुलिस भी ओसामा शहाब को रिमांड पर ले सकती है।
उमड़ सकती समर्थकों की भीड़
वहीं, सीवान कोर्ट में ओसामा शहाब और इसके साथी सैफ की पेशी के दौरान समर्थकों की भीड़ भी उमड़ सकती है। गिरफ्तारी की सूचना के बाद उनके समर्थक कोटा तक उनसे मिलने चले गए थे। कोटा के रामगंज मंडी थाने के बाहर भी समर्थकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी थी।