आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा के फरीदाबाद में 17 साल पहले हुए जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े केस की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी चार्जशीट में पहली बार कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के नाम का जिक्र किया है। ED ने यह चार्जशीट दिल्ली कोर्ट में दाखिल की है। इसके मुताबिक 40 कनाल (पांच एकड़) एग्रीकल्चर लैंड खरीदने में प्रियंका गांधी की भी भूमिका रही।
ED इस केस की प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत छानबीन कर रही है। चार्जशीट के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने वर्ष 2006 में दिल्ली स्थित रियल एस्टेट एजेंट एचएल पाहवा से यह जमीन खरीदी और वर्ष 2010 में उसे ही वापस बेच दी।
ED के अनुसार, एचएल पाहवा वही एजेंट है जिसके साथ प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने भी 2005-2006 तक हरियाणा के अमीरपुर गांव में 334 कनाल (40.08) एकड़ जमीन के 3 टुकड़े खरीदे और वर्ष 2010 में यह तीनों टुकड़े वापस उसे ही बेच दिए।
पाहवा को बैंक खातों से भेजा पैसा
ED ने अपनी चार्जशीट में यह भी उल्लेख किया है कि रॉबर्ट वाड्रा की ओर से पाहवा को लैंड एक्वायर करने के लिए बैंक अकाउंट के जरिये पैसा भेजा जा रहा था। हालांकि वाड्रा ने पाहवा के बैंक खातों में पूरा पैसा नहीं भेजा। केस की जांच के दौरान ED ने 17 नवंबर 2023 को पाहवा के बैंक खातों के रिकॉर्ड से यह डिटेल्स जुटाई।
चार्जशीट में वाड्रा-थंपी के संबंधों का भी खुलासा
ED की चार्जशीट के मुताबिक, रियल एस्टेट एजेंट एचएल पाहवा ने NRI कारोबारी सीसी थंपी को भी जमीन बेची थी। चार्जशीट में ED के अधिकारियों ने वाड्रा और थंपी के बीच गहरे संबंधों के साक्ष्य मिलने का दावा किया है। दोनों के बीच व्यापारिक गतिविधियां संचालित किए जाने के सबूत मिलने का दावा भी ED ने किया है।
ED के अनुसार, वर्ष 2010 में गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में थंपी ने बताया था कि वह रॉबर्ट वाड्रा को दस साल से जानता है और उसकी दुबई व दिल्ली दौरे के दौरान वाड्रा से कई बार मुलाकात हुई।
कौन है पाहवा
एचएल पाहवा नई दिल्ली का बड़ा रियल एस्टेट एजेंट है। उसने जिस NRI कारोबारी सीसी थंपी को जमीन बेची, वह आर्म्स डीलर रहे संजय भंडारी का सहयोगी है। थंपी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग, विदेशी मुद़ा और काले धन से जुड़े कानून के उल्लंघन के मामलों की जांच कई एजेंसियां कर रही हैं।
PMLA एक्ट के तहत दायर पहली चार्जशीट में ED थंपी के कथित सहयोगी के रूप में प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा का नाम भी शामिल कर चुकी है।