आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भोपाल में हैं। उन्होंने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश की 5 नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। PM ने पहले रांची-पटना, धारवाड़-केएसआर बेंगलुरु और गोवा (मडगांव)-मुंबई को वर्चुअली लॉन्च किया। बाद में मध्यप्रदेश की दो वंदे भारत भोपाल-इंदौर और रानी कमलापति-जबलपुर को झंडी दिखाई। ये दोनों ट्रेन एक साथ रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से रवाना हुईं। इससे पहले PM मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘ये ट्रेनें मध्यप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, बिहार और झारखंड में कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी।’

प्रधानमंत्री भोपाल से मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव और 2024 लोकसभा इलेक्शन के लिए चुनाव प्रचार की शुरुआत करने आए हैं। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित कर रहे हैं। यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री की स्पीच अपडेट्स…

प्रधानमंत्री ने कहा, भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में मध्यप्रदेश की धरती की बहुत बड़ी भूमिका है। उभरती भाजपा को दुनिया को सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में इस धरती की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए ऐसी ऊर्जावान मप्र की धरती पर ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए हृदय से आनंद आ रहा है। गौरव हो रहा है। कुछ देर पहले मुझे देश के 6 राज्यों का जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाने का अवसर भी मिला है।

मैं मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र की जनता को इस आधुनिक वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बधाई देता हूं। एमपी को विशेष बधाई दूंगा। यहां एक साथ दो वंदे भारत ट्रेन मिली हैं। अभी तक यात्री भोपाल से दिल्ली के बीच वंदे भारत के सफर का आनंद ले रहे थे। अब भोपाल से इंदौर और रानी कमलापति से जबलपुर का सफर तेज, आधुनिक, सुविधा संपन्न होगा।

CM बोले- मोदी एक मंत्र बन गया, जिसका उच्चारण हर देश कर रहा

मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के मंच से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने भारत में जन्म लिया और ऐसे समय भाजपा कार्यकर्ता हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व कर रहे हैं। मोदी नाम एक मंत्र बन गया है। आज हर देश मोदी मंत्र का उच्चारण कर रहा है। स्वामी विवेकानंद का सपना साकार हो रहा है। भारत विश्व गुरु होगा। 2024 में भी ऐतिहासिक जीत से मोदी जी देश और दुनिया का नेतृत्व करेंगे।

नड्‌डा बोले, PM ने पार्टी और देश को दुनिया के नक्शे पर खड़ा किया

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने कहा, ‘जब पार्टी की बात आती है, तो प्रधानमंत्री कभी भी हमें समय देने से मना नहीं करते। वे कुशल प्रशासक के साथ संगठन के अच्छे संगठक भी हैं। पार्टी और देश को दुनिया के नक्शे पर खड़ा करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।’ नड्‌डा ने कहा, ‘हमने हर लोकसभा में 100 और हर विधानसभा में 25 बूथ ऐसे निकाले, जहां हम कमजोर थे। इन बूथों के सशक्तिकरण का विचार भी प्रधानमंत्री की तरफ से निकला।’ नड्डा ने कहा, ‘आज भारत ब्रिटेन को ओवरटेक कर 5वीं नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है।