आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया। इसे 1100 करोड़ रुपए में बनाया गया है। PM इसके अलावा रेल, सड़क, तेल और गैस, शिपिंग और उच्चतर शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी 19 हजार 850 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री आज सुबह 10:30 बजे सबसे पहले तिरुचिरापल्ली पहुंचे। यहां वे भारतीदासन विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने गोल्ड मेडलिस्ट स्टूडेंट्स को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री के साथ राज्य के गवर्नर आरएन रवि और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री दो दिन तीन राज्यों का दौरा करेंगे। तमिलनाडु के बाद वे दोपहर में लक्षद्वीप के लिए निकलेंगे। यहां वे 1 हजार 150 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 3 जनवरी को वे लक्षद्वीप के कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद केरल के लिए निकलेंगे।
मोदी के तमिलनाडु दौरे की दो तस्वीरें…
तमिलनाडु में PM मोदी की 3 अहम बातें…
- तमिल संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखा
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को तमिलनाडु की जीवंत संस्कृति और विरासत पर गर्व है। मेरे कई तमिल मित्र थे। मुझे उनसे तमिल संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला। मैं दुनिया में जहां भी जाता हूं, मैं खुद को तमिलनाडु के बारे में बात करने से नहीं रोक सकता।
पवित्र सेनगोल को नए संसद भवन में स्थापित किया गया, जो सुशासन के उस मॉडल से प्रेरणा लेने की कोशिश है, जो तमिल विरासत ने भारत को दिया है।
- तमिलनाडु मेक इन इंडिया का ब्रांड एंबेसडर बन रहा
भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। हमारे देश में दुनिया के बड़े निवेशक निवेश कर रहे हैं। इसका फायदा तमिलनाडु और देश की जनता को मिल रहा है। तमिलनाडु मेक इन इंडिया का बड़ा ब्रांड एंबेसडर बन रहा है।
- राज्य के लोगों के साथ खड़ी है केंद्र सरकार
देश आजादी का अमृतकाल बना रहा है। जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो इसमें आर्थिक और सांस्कृतिक, दोनों पहलू शामिल हैं।
PM ने आगे कहा कि पिछले कुछ हफ्ते तमिलनाडु के लोगों के लिए मुश्किल भरे रहे। हमने भारी बारिश की वजह से कई लोगों को खोया है। राज्य की प्रॉपर्टी का भी भारी नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार इस मुश्किल समय में तमिलनाडु के लोगों के साथ खड़ी है। हम राज्य को हर तरह की मदद करेंगे।