आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल दौरे पर हैं। PM जंबूरी मैदान में होने वाले भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है।’

2013 से भाजपा हर 5 साल में जंबूरी मैदान पर कार्यकर्ता महाकुंभ कर रही है। मोदी तीसरी बार इसके मुख्य वक्ता हैं। BJP का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेश भर से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री का भाषण अपडेट्स…

यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है? यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।

मेरे परिवारजनों, मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जन संघ के जमाने से लेकर आज तक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है। अटल जी, कुशाभाऊ ठाकरे, कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता विजयराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, वीरेंद्र सकलेचा.. एमपी से निकले ऐसे अनेक महान व्यक्तित्व ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। इनका तप और त्याग भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है।

मध्यप्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्यप्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, बुराइयां देखी नहीं हैं।

एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्यप्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा। लेकिन, कांग्रेस ने साधन – संपन्न मध्यप्रदेश को समर्थ युवाओं वाले मध्यप्रदेश को बीमारू बना दिया दोस्तों…। यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था नहीं देखी। यहां के युवाओं ने उस दौर की खस्ताहाल सड़कें नहीं देखीं। यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने एमपी को नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया। इसीलिए यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।