आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आर्टिकल 370 हमेशा के लिए खत्म हो गया है और अब जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोग पहली बार अपने हाथों से अपनी तकदीर लिखने को आजाद हैं।

पीएम मोदी ने ये बात एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में कहीं, जिसकी जानकारी न्यूज एजेंसी ANI ने साझा की है। पीएम मोदी ने इंटरव्यू में कहा कि एक भाजपा कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री और पीएम रहते हुए उन्होंने जो भी काम किया है उसमें हमेशा देश को सबसे आगे रखा है।

पीएम ने 2047 तक देश को विकसित बनाने का एक फॉर्मूला दिया- GYAN- जिसमें G का मतलब गरीब, Y का मतलब युवा, A का मतलब अन्नदाता और N का मतलब नारी शक्ति है। पीएम ने कहा कि हम GYAN पर ध्यान देंगे, GYAN को सम्मान देंगे तो विकसित भारत बनेगा।

पढ़िए पीएम मोदी के इंटरव्यू की प्रमुख बातें…

  1. आर्टिकल 370 खत्म करने में देरी हुई पीएम ने कहा कि देश के लिए मुद्दा ये नहीं है कि आर्टिकल 370 के मामले को सुप्रीम कोर्ट ने कानूनी तौर पर खत्म किया। लोगों को परेशानी इस बात से है कि एक अस्थायी प्रावधान को खत्म करने में इतना वक्त लगा। नेहरू जी ने संसद में कहा था कि ‘घिसते-घिसते घिस जाएगा’, फिर भी जम्मू-कश्मीर के लोग सात दशक तक अपने अधिकारों से वंचित रहे। खासतौर पर निचले तबके के लोगों और महिलाओं को उनके अधिकार नहीं मिले। अब जब ये आर्टिकल हमेशा के लिए खत्म हो गया है तो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोग, जिंदगी में पहली बार अपने हाथों से अपनी तकदीर लिखने को आजाद हैं।
  2. जम्मू-कश्मीर में पंचायती राज सिस्टम लागू है, उसकी अहमियत कम नहीं

पीएम बोले कि हमारी संसद में राष्ट्रीय स्तर पर जम्मू-कश्मीर को रिप्रेजेंट किया जा रहा है। लोकल स्तर पर पहली बार हम लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक लेकर जा पाए हैं। यहां पर तीन लेवल वाला पंचायती राज सिस्टम लागू है और जमीनी स्तर पर 35 हजार नेता चुने गए हैं। हम इन चुनावों की अहमियत कम क्यों समझते हैं?

  1. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शांति और स्थिरता लाने पर केंद्र का फोकस

उन्होंने कहा कि केंद्र ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बहुआयामी अप्रोच अपनाई है। सरकार का फोकस इस क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने, विकास करने, इंफ्रास्ट्रक्चर और ह्यूमन कैपिटल में निवेश करने के साथ सरकारी प्रक्रियाओं को सुधारने पर है। हम यहां के लोगों के जीवन स्तर बढ़ाकर, आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देकर और रोजगार के अवसर पैदा करके इस क्षेत्र में हमेशा के लिए शांति, स्थिरता और समृद्धि लाने के रास्ते पर हैं।

  1. लोगों की पसंद मिली-जुली सरकारें नहीं, भाजपा है

पीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव आने वाले हैं और देश के लोगों का यह मत है कि इस देश को ‘मिली-जुली सरकार’ नहीं चाहिए। ऐसी सरकारों की वजह से जो अस्थिरता आई, उसमें हम 30 साल बर्बाद कर चुके हैं। लोग देख चुके हैं कि ऐसी सरकारों ने ठीक से शासन नहीं किया, तुष्टिकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार फैलाया। इसका नतीजा ये हुआ कि देश की सारी उम्मीदें और खुद पर भरोसा खत्म हो गया था और दुनिया के सामने देश की खराब छवि बनी थी। अब देश के लोगों की पसंद भारतीय जनता पार्टी है।

  1. भाजपा नए चेहरों को आगे बढ़ाती है, मैं इसका उदाहरण हूं

राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में नए चेहरों को मुख्यमंत्री बनाने के भाजपा के फैसले पर पीएम ने कहा कि ऐसा लग सकता है कि ये पार्टी का कोई नया चलन है, लेकिन ऐसा नहीं है। भाजपा में हमेशा से ऐसा होता रहा है और मैं इसका सबसे अच्छा उदाहरण हूं।

मोदी ने कहा कि जब मैं गुजरात के मुख्यमंत्री बना तो उसके पहले मेरे पास शासन का कोई अनुभव नहीं था और मैं तो विधानसभा में भी नहीं चुना गया था। आज के समय में ज्यादातर पार्टियां परिवारवाद पर चलती हैं और ऐसी लोकतांत्रित व्यवस्था को हजम करना उनके लिए मुश्किल होता है।