सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर पश्चिम बंगाल के मालदा में पत्थरों से हमला किया गया है। अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि कुछ अनजान लोगों ने राहुल की कार पर पत्थर फेंके, जिससे कार का पिछला शीशा टूट गया। अधीर रंजन ने कहा कि ऐसे हमलों को हम स्वीकार नहीं करेंगे। हमले में राहुल को कोई चोट नहीं आई है।
इससे पहले असम से यात्रा के गुजरने के दौरान जयराम रमेश की कार पर हमला हुआ था। इसके अलावा कांग्रेस ने दावा किया था कि सोनितपुर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को रोकने की कोशिश की थी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने असम कांग्रेस प्रेसिडेंट भूपेन बोरा पर हमला किया था।
आज यात्रा बिहार से निकलकर एक बार फिर पश्चिम बंगाल में दाखिल हुई है। यात्रा का यह 16वां दिन है। बिहार में 29 और 30 जनवरी दो दिन रहने के बाद यात्रा मालदा पहुंच रही है। इसके बाद 1 फरवरी को मुर्शिदाबाद पहुंचेगी। दोनों ही जिले कांग्रेस के गढ़ माने जाते हैं। बुधवार सुबह राहुल ने कटिहार में रोड शो किया।
इसके पहले 25 जनवरी की सुबह 11:30 बजे के करीब यात्रा पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के बक्शीरहाट पहुंची थी। यात्रा को दो दिन का ब्रेक दिया गया था। 28 जनवरी को जलपाईगुड़ी से दोपहर 2:30 बजे से यात्रा फिर शुरू की गई थी। शाम को यात्रा सिलिगुड़ी पहुंची। रात्रि विश्राम के बाद 29 फरवरी को उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर होते हुए दोपहर में बिहार की सीमा में प्रवेश किया था।
30 जनवरी- न्याय यात्रा का 15वां दिन: राहुल बोले- नीतीश पर दबाव पड़ता है तो वे यू टर्न ले लेते हैं
राहुल गांधी ने बिहार के पूर्णिया में नीतीश कुमार पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि नीतीश पर दबाव पड़ता है तो वो यू टर्न ले लेते हैं। वो शपथ लेते हैं तो खूब तालियां बजती हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि नीतीश सीएम हाउस की ओर निकल जाते हैं, बाद में पता चलता है कि वो अपना शॉल राज्यपाल भवन में छोड़ आए हैं, उसे लेने वापस जाते हैं तो गर्वनर भी कहते हैं कि इतनी जल्दी आ गए।
राहुल ने किसानों पर भी बात की थी। उन्होंने कहा था कि जो भी राजनेता किसानों की जमीन की रक्षा करने की बात करेगा, उस पर 24 घंटे आक्रमण होगा। हिंदुस्तान की सरकार जमीन अधिग्रहण के कानून को तोड़ रही है। किसानों को चारों ओर से घेरा जा रहा है। आपसे जमीन ली जाती है और अडाणी जैसे बड़े-बड़े उद्योगपतियों को मुफ्त में दी जाती है। 29 जनवरी- न्याय यात्रा का 14वां दिन: राहुल ने नीतीश कुमार पर एक शब्द भी नहीं कहा
किशनगंज में स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि देश में RSS और भाजपा की विचारधारा ने हिंसा और नफरत फैला रखी है। 4 मिनट के भाषण में राहुल गांधी एक शब्द भी बिहार की नई सरकार और नीतीश कुमार पर नहीं बोले। उन्होंने सिर्फ आरएसएस और भाजपा पर हमला किया।