आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का असर बरकरार है। पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज (गुरुवार 11 जनवरी) कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया गया है। माउंट आबू में तापमान 0° के नीचे पहुंच गया। इससे वहां पर सड़कों पर बर्फ की परत देखने को मिली।

देश के 10 राज्यों में दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। इनमें पंजाब, उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार, असम और राजस्थान शामिल हैं। घने कोहरे के कारण पंजाब के बठिंडा में विजिबिलिटी शून्य रिकॉर्ड की गई। वहीं, दिल्ली में विजिबिलिटी 50 मीटर रही। इस वजह से 24 ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकीं। राजस्थान से आने वाली कुछ ट्रेनें 6 घंटे तक लेट हुईं।

उधर, दक्षिण के राज्यों में कोहरे का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में आज बारिश हो सकती है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

IMD के मुताबिक, उत्तर भारत और मध्य भारत के 16 राज्यों में शुक्रवार को घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इनमें राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम शामिल हैं।

स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान हरियाणा, पंजाब और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में सीवियर कोल्ड की स्थिति बन सकती है। साथ ही अगले 24 घंटे में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, तेलंगाना, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

अब तस्वीरों के जरिए जानिए राज्यों में मौसम का हाल…

मध्य प्रदेश: कड़ाके की ठंड की चपेट में पूरा प्रदेश, 12 शहरों में दिन में 20° से कम टेम्परेचर

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से मध्य प्रदेश घने कोहरे के आगोश में है। कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो रही है। गुरुवार (11 जनवरी) सुबह कई जिलों में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड रही। मौसम विभाग के मुताबिक आज इंदौर, रतलाम, खंडवा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, झाबुआ, धार, बैतूल, बुरहानपुर में मौसम बदला रहेगा। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

हरियाणा: 9 जिलों में कोल्ड डे अलर्ट; रात में 3.0 डिग्री तक गिरा पारा, 13 से फिर बादल होंगे

हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। इसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से आज भी 9 जिलों में कोल्ड-डे का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और करनाल जिले शामिल हैं। शेष जिलों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।