आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली में शुक्रवार को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सक्रियता को देखते हुए मैंने ये फैसला लिया है।

ललन ने ही नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का नया अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पास कर लिया गया। इसकी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है। शाम 4 बजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश के नाम का ऐलान हो सकता है। नीतीश दूसरी बार पार्टी के अध्यक्ष बने हैं।

यह जानकारी जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव दसई चौधरी ने दी। उन्होंने बताया- पार्टी के सभी नेताओं की राय थी कि प्रमुख चेहरा होने के नाते 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले नीतीश को संगठन की कमान संभालनी चाहिए।

इसके बाद नीतीश ने कहा कि आप लोगों का आग्रह है तो मैं इसके लिए तैयार हूं। ललन सिंह ने कहा- मैं बहुत समय तक पार्टी अध्यक्ष रह चुका हूं। मुझे चुनाव लड़ना है, पार्टी में दूसरे काम भी करने हैं।

बता दें कि 21 जुलाई 2021 में ललन सिंह को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल 2 साल का होता है। ललन सिंह अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं।

शाम 5 बजे जदयू की प्रेस कॉन्फ्रेंस

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले शुक्रवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुई और डेढ़ घंटे से भी कम समय में खत्म हो गई। हालांकि इसके लिए 3 बजे तक का समय रखा गया था।

मीटिंग से पहले कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के बाहर पोस्टर लगाए गए। इनमें लिखा है, ‘गठबंधन को अगर जीत चाहिए तो चेहरा नीतीश चाहिए। दोपहर 3 बजे तक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चलेगी।

इसके बाद 4 बजे से राष्ट्रीय परिषद की बैठक शुरू होगी। 5 बजे जदयू पूरे मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।

इससे पहले गुरुवार को सीएम नीतीश ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी।

कब-कब हुई राष्ट्रीय परिषद की बैठक

जेडीयू की पहली राष्ट्रीय परिषद की बैठक 2003 में हुई थी। जब जॉर्ज फर्नांडिस और नीतीश कुमार की समता पार्टी और शरद यादव की लोक शक्ति पार्टी का विलय हुआ था। दोनों पार्टी को मिलाकर जनता दल यूनाइटेड का गठन हुआ था। शरद यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था।

2021 में, जब नीतीश कुमार ने पहली बार अपनी जगह आरसीपी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था।

2022 में, जब ललन सिंह को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष (दूसरी बार) बनाया गया था।

इससे पहले जुलाई 2021 में केंद्रीय मंत्री बनने पर आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब उनके बाकी के कार्यकाल के लिए ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष (पहली बार) बनाया गया था।