आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने अब तक जिन 79 सीट पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, उनमें से कुछ सीट पर प्रत्याशियों के खिलाफ विरोध पार्टी की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। सीधी से टिकट नहीं मिलने पर मौजदा विधायक केदारनाथ शुक्ला ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। मुलताई के प्रत्याशी को पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता कमीशनखोर बताकर टिकट बदलने की मांग कर रहे हैं।
गुनौर के पूर्व BJP विधायक महेंद्र बागरी, चांचौड़ा की पूर्व BJP विधायक ममता मीणा टिकट नहीं मिलने पर पार्टी से इस्तीफा दे चुकी हैं। BJP अब तक तीन सूची जारी कर 79 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। इनमें सीधी, नरसिंहपुर, मैहर को छोड़ दें तो बाकी सभी सीट BJP 2018 के विधानसभा चुनाव में हार गई थी।
इन सीट्स से उठे प्रत्याशी के लिए विरोध के सुर…
सिंधिया समर्थकों ने खून से लिखा पत्र
श्योपुर
दुर्गालाल विजय को टिकट मिला। BJP के जिला उपाध्यक्ष बिहारी सिंह सोलंकी ने निर्दलीय लड़ने की चेतावनी दी है।
सोलंकी के अलावा BJP के कई नेता दुर्गालाल का खुलकर विरोध कर रहे हैं।
लहार
अंबरीश शर्मा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पूर्व विधायक रसाल सिंह ने विरोध किया है।
पिछले चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी रहे रोमेश महंत भी नाराज बताए जा रहे हैं।
गोहद
यहां से लाल सिंह आर्य को टिकट मिला है। कुशवाहा समाज ने विरोध किया था।
सिंधिया समर्थक रणवीर जाटव के समर्थकों ने खून से पत्र लिखा था।
जिसे टिकट मिला मिला, उसने पिछले चुनाव में BJP को हराया
भितरवार
सिंधिया समर्थक मोहन सिंह राठौर को टिकट मिला है।
BJP के पुराने कार्यकर्ता और दावेदार राठौर के प्रचार से दूरियां बना रहे हैं।
सेंवढ़ा
प्रदीप अग्रवाल को यहां BJP ने उम्मीदवार बनाया है। वे पहले विधायक रह चुके हैं।
2018 में प्रत्याशी रहे कालीचरण कुशवाहा ने संगठन से उम्मीदवार बदलने की मांग की है।
कुशवाह का कहना है कि वे बगावत नहीं करेंगे, लेकिन अग्रवाल का प्रचार करने भी नहीं जाएंगे।
करैरा
रमेश खटीक को प्रत्याशी बनाने पर पूर्व विधायक राजकुमार खटीक पिछली बार की हार का बदला लेने के मूड में हैं।
राजकुमार का कहना है कि रमेश खटीक ने पिछली बार सपाक्स से चुनाव लड़कर BJP को हरवाया था।
सिंधिया समर्थक जसवंत जाटव भी टिकट कटने से नाराज हैं।
BJP की पूर्व विधायक AAP से उम्मीदवार
चाचौड़ा
प्रियंका मीणा को टिकट देने पर ममता मीणा ने BJP छोड़ दी।
BJP से पूर्व विधायक ममता इस बार आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी हैं।
राघोगढ़
हीरेंद्र सिंह को टिकट देने पर यादव समाज नाराज है।
BJP अध्यक्ष को लेटर लिखकर यादव समाज का उम्मीदवार बनाने की मांग की है।
चंदेरी
जगन्नाथ सिंह रघुवंशी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
2018 के उम्मीदवार रहे भूपेंद्र द्विवेदी निर्दलीय चुनाव लड़ने के मूड में हैं।