आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: महाराष्ट्र के नागपुर में गुरुवार से लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को यहां 4 घंटे में ही 4 इंच यानी 100 मिलीमीटर बारिश हो गई। अंबाझरी लेक ओवरफ्लो होने के कारण निचले इलाकों में पानी घुस गया है। इससे शहर में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेन्द्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर बताया कि NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। अब तक करीब 500 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। राहत बचाव के लिए सेना की दो यूनिट्स पहुंची है।
मौसम विभाग ने नागपुर सहित महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आज भी बारिश की संभावना जताई है। मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है।
मध्यप्रदेश और दिल्ली में बारिश का कोटा पूरा
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्यप्रदेश और दिल्ली में मानसून ने अपना कोटा पूरा कर लिया है। मध्यप्रदेश में 1 सितंबर से 22 सितबंर तक औसत 923 मिमी बारिश होती थी। इसमें 927.5 मिमी बारिश हो चुकी है। दिल्ली में 531.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। 22 सितंबर तक 532.3 मिमी बरसात हो चुकी है।
बिहार के 4 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 7 जिलों में यलो अलर्ट है। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। हालांकि, बिहार में अब तक औसत से 28% कम बारिश हुई है। 1 जून से 22 सितंबर तक बिहार में 938.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 671.4 मिमी बारिश ही हुई है। 24 सितंबर से बाद फिर से मौसम बदलने की संभावना है।
यहां तेज बारिश होगी : राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश में 2 दिन और तेज बारिश का दौर; भोपाल-बैतूल समेत 16 जिलों में आज अलर्ट
दो मानसूनी सिस्टम एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह करीब 6 बजे तेज बारिश हुई। इससे पहले पिछले 24 घंटे में बैतूल, छतरपुर, शिवपुरी समेत 10 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। गुरुवार देर रात हुई बारिश से कई नदी-नाले उफान पर आ गए। भोपाल में एक होटल में 6 फीट तक पानी भर गया। यहां से 6 लोगों का रेस्क्यू किया गया।