आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के बेंगलुरु में 12 अक्टूबर को छापेमारी में कांग्रेस के करीबियों के घरों से 100 करोड़ से ज्यादा कैश मिलने का दावा किया है। उन्होंने आज सोशल मीडिया पर लिखा- कर्नाटक की घटना बेहद शर्मनाक है। यह राज्य के मतदाताओं के साथ घिनौना मजाक है।

नड्डा ने कहा- यह कांग्रेस के भ्रष्टाचारी डीएनए का महज एक छोटा सा नमूना मात्र है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान को भी करप्शन का एटीएम बना दिया है। अब मध्य प्रदेश और तेलंगाना को भी ऐसा ही एटीएम बनाकर जनता की गाढ़ी कमाई को लूटना चाहती है।

कांग्रेस और करप्शन एक ही सिक्के के दो पहलू

जेपी नड्डा ने कहा- कांग्रेस और करप्शन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस को वादे करने की कला में महारत हासिल है। अब यह पार्टी एक कदम आगे बढ़कर वादों के बदले में गारंटी देने लगी है। कांग्रेस लूट की ही गारंटी दे सकती है। मध्य प्रदेश और तेलंगाना की सत्ता में आने का सपना देख रही है, ताकि वह गरीबों के कल्याण और विकास का पैसा लूट सके।

इनकम टैक्स ने बेड के नीचे से 42 करोड़ रुपए जब्त किए थे

इनकम टैक्स ने 12 अक्टूबर की रात बेंगलुरु के आरटी नगर में रेड डाली थी। इसमें एक घर में बेड के नीचे से 22 बॉक्स में 42 करोड़ से ज्यादा कैश मिला। IT ने ये कार्रवाई पूर्व महिला पार्षद अश्वत्थम्मा, उनके पति आर अंबिकापति, बेटी और बहनोई के खिलाफ की थी। कार्रवाई के तहत IT इस घर तक पहुंची। फिलहाल ये पता नहीं चल पाया है कि ये घर किसका है।

अश्वत्थम्मा कांग्रेस के पूर्व विधायक श्रीनिवासमूर्ति की बड़ी बहन हैं। अश्वत्थम्मा के पति आर अंबिकापति बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं। दावा किया जा रहा है कि यह रकम बेंगलुरु से चेन्नई होते हुए हैदराबाद ले जानी थी। इनकम टैक्स के अधिकारियों ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह छापेमारी की थी।

अंबिकापति ने कर्नाटक की बसवराज बोम्मई सरकार पर योजनाओं में 40% कमीशन लेने का आरोप लगाया था। इसके चलते भाजपा विधायक मुनिरत्ना ने अंबिकापति के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था।

कर्नाटक कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन अध्यक्ष ने इनकम टैक्स रेड पर सवाल उठाया

वहीं, कर्नाटक के कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डी केम्पन्ना ने इनकम टैक्स की रेड पर कहा था कि मैंने पिछले आठ साल से कोई काम नहीं किया। मुझे मेरी पत्नी ने फोन पर बताया कि अंबिकापति और उनके रिश्तेदारों के घर छापेमारी हुई है। ठेकेदार होने के अलावा मेरे पास और काम भी हैं। अगर आयकर विभाग को अंबिकापति के रिश्तेदारों के घर से पैसे मिले हैं तो उन्हें अपना काम करने दें।

BRS नेता बोले- कांग्रेस ने पैसा चुनाव लड़ने के लिए मंगाया

तेलंगाना के वित्त मंत्री हरीश राव ने इस कैश को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़ा है। भारत राष्ट्र समिति (BRS) के नेता ने दावा किया कि यह रकम तेलंगाना टैक्स के नाम पर बिल्डरों, सोना का कारोबार करने वाले लोगों और ठेकेदारों से ली गई है। यह रकम उन 1500 करोड़ रुपए का हिस्सा है, जिसे कांग्रेस ने तेलंगाना में KCR के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए पड़ोसी राज्यों में मांगा है।

कांग्रेस ने 3 राज्यों के 229 प्रत्याशियों की घोषणा की:MP 144, छत्तीसगढ़ 30 और तेलंगाना से 55 नाम

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में अगले महीने से होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 229 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट रविवार (15 अक्टूबर) जारी कर दी। इनमें मध्य प्रदेश से 144, छत्तीसगढ़ से 30 और तेलंगाना से 55 उम्मीदवारों के नाम हैं।