आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : म्यांमार की सेना ने सोमवार देर रात चीनी बॉर्डर के पास रिफ्यूजी कैंप पर एयरस्ट्राइक की। BBC के मुताबिक हमले में 29 लोगों की मौत हो गई। इसमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। यह कैंप काचिन इंडिपेंडेंस ऑर्गनाइजेशन (KIO) के कंट्रोल वाले इलाके में है। KIO उन जातीय विद्रोही समूहों में से एक है जो सालों से स्व-शासन के लिए लड़ रहे हैं।म्यांमार की न्यूज वेबसाइट ईरावाडी के मुताबिक दो साल में वहां 31,022 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 460 लोग 2022 में की गई एयर रेड में मारे गए। हवाई हमलों में मरने वाले ज्यादातर छोटे बच्चे हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
वीवो मोबाइल मनी लॉन्ड्रिंग केस में लावा इंटरनेशनल के MD सहित चार गिरफ्तार
इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने मंगलवार को चीनी कंपनी वीवो मोबाइल के चार अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में यह गिरफ्तारियां हुई हैं। इनमें चीनी नागरिक गुआंगवेन क्यांग, लावा इंटरनेशनल के MD हरिओम राय के अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट राजन मलिक और नितिन गर्ग शामिल हैं।
गुजरात के दाहोद जिले में ऑटोरिक्शा की ट्रक से टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
गुजरात के दाहोद जिले में दाहोद-अलीराजपुर राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक ऑटोरिक्शा की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला और एक नाबालिग सहित एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
टाइप-7 बंगला खाली करने के पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे AAP सांसद राघव चड्ढा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने टाइप-7 बंगला खाली करने के पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। पटियाला हाउस कोर्ट ने 6 अक्टूबर को ये आदेश जारी किया था। दिल्ली के पंडारा रोड पर बंगला नंबर AB-5। टाइप-7 कैटेगरी के इस बंगले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा 13 महीने से रह रहे हैं।
3 मार्च को राज्यसभा सचिवालय ने उन्हें ये बंगला खाली करने के लिए कहा था। राघव चड्ढा राज्यसभा सचिवालय के इस आदेश के खिलाफ पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचे थे, जिसके बाद कोर्ट ने सचिवालय से आदेश पर रोक लगाने को कहा था। तीन दिन पहले कोर्ट ने सचिवालय के आदेश पर रोक लगाने से इनकार करते हुए बंगला खाली करने के लिए कहा है।