आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश में अक्टूबर महीने में पिछले 10 साल से बारिश, गर्मी और ठंड का ट्रेंड रहा है। मौसम विभाग ने इस बार भी ऐसा ही होने का अनुमान जताया है। भोपाल में अक्टूबर महीने में पिछले 10 साल में दो बार ऐसा हुआ, जब रिकॉर्ड 5 इंच बारिश हुई। इंदौर-जबलपुर में भी ऐसी ही तस्वीर देखने को मिली।

IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि अक्टूबर का महीना चेंज ओवर पीरियड रहता है। इस महीने मानसून विदाई पर रहता है। इससे आसमान साफ हो जाता है। इस कारण दिन में गर्मी और रात में ठंड पड़ती है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश होती है।

19 जिलों से विदा हो चुका मानसून

एमपी के 19 जिलों से मानसून विदा हो गया है। इनमें इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, भिंड, दतिया, निवाड़ी, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, शाजापुर, आगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, मुरैना और श्योपुरकलां शामिल हैं। मौसम विभाग ने इसकी घोषणा कर दी है। अगले 2-3 दिन में भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और सागर संभाग के जिलों से भी मानसून विदा हो जाएगा।

ग्वालियर-गुना में तापमान 36 डिग्री

मंगलवार को सीधी में आधा इंच से ज्यादा बारिश हो गई। दूसरी ओर कई शहरों में गर्मी का असर भी रहा। ग्वालियर, गुना, उज्जैन में तापमान 36 डिग्री से ज्यादा रहा। दमोह, खजुराहो, नरसिंहपुर, सागर, नर्मदापुरम, रतलाम, भोपाल, धार, इंदौर, खंडवा, खरगोन, रायसेन, शिवपुरी और जबलपुर में भी गर्मी का असर रहा। यहां 33 से 35 डिग्री के बीच दिन का तापमान रहा।

जानिए, अक्टूबर में कब कैसा रहा 5 बड़े शहरों का मौसम…

भोपाल : हर साल हो रही बारिश, 2012 में 38 डिग्री रहा तापमान

भोपाल में अक्टूबर का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 32.7 और रात में 19.1 डिग्री सेल्सियस है। पिछले 10 साल में तापमान 33 डिग्री के पार ही रहा। 2015 में तो तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच चुका है। पिछले साल 2 अक्टूबर को पारा 33.7 डिग्री था।

इस बार पिछले 3 दिन से अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास है। तीन दिन से बारिश भी नहीं हुई।

यह भी जानें

12 अक्टूबर 2012 में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री तक पहुंच चुका है।

सबसे ठंडी रात 27 अक्टूबर 1971 की रही। पारा 11.7 डिग्री दर्ज किया गया था।

सर्वाधिक मासिक बारिश वर्ष 1955 में हुई थी। महीने में 188.2 मिमी यानी 7.40 इंच पानी गिरा था। 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश 6 अक्टूबर 2009 में 5 इंच हुई थी।

इंदौर : 24 साल पहले 6.2 डिग्री पहुंचा था रात का टेम्प्रेचर

इंदौर में भी तीनों मौसम देखने को मिलते हैं। पिछले 10 साल (2013 से 2022) की बात करें, तो दिन में एक बार 36 डिग्री और दो बार 35 डिग्री तापमान रह चुका है। रात का टेम्प्रेचर 14 से 16 डिग्री के बीच रहता है। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में रात में ठंड का असर बढ़ जाता है। इस महीने इंदौर में बारिश होने का ट्रेंड रहता है। साल 2013 में सबसे ज्यादा 4 इंच बारिश दर्ज की गई थी। पिछले तीन साल से डेढ़ इंच से बारिश हो रही है।

यह भी जानें

22 अक्टूबर 2000 को दिन का तापमान 37.8 डिग्री तक पहुंच गया था। यह अब तक का रिकॉर्ड है।

24 साल पहले 22 अक्टूबर 1999 को रात का तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वर्ष 1985 में अक्टूबर महीने में 9 इंच से ज्यादा बारिश हो गई थी।

24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश 9 अक्टूबर 1985 को 6.19 इंच हुई थी।