सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मध्यप्रदेश में पिछले 4 दिन से आंधी-बारिश और ओले गिर रहे हैं। शुक्रवार को मंदसौर में पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान की सभा के पंडाल का टेंट उड़ गया। वहीं, उज्जैन, शाजापुर, रायसेन, सीहोर जिलों में तेज बारिश हुई। भोपाल, इंदौर, रतलाम में बादल छाए रहे। ऐसा ही मौसम शनिवार को भी बना रहेगा। इसके चलते छिंदवाड़ा, बैतूल, नर्मदापुरम समेत 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
बारिश के चलते शुक्रवार को मंदसौर में पूर्व सीएम चौहान ने छाते में ही भाषण किया। सीहोर जिले में आंधी से पेड़ उखड़ गए तो बिजली केबल भी टूट गई। रायसेन-शाजापुर में भी तेज बारिश हुई। भोपाल के कुछ इलाकों में हल्की बौंछारें गिरीं।
बारिश के साथ तेज गर्मी का असर भी
शुक्रवार को बारिश के साथ तेज गर्मी का असर भी है। गुना में दिन का टेम्प्रेचर 44.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे गुना में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। शिवपुरी में पारा 43 डिग्री रहा। वहीं, रतलाम में 42 डिग्री, टीकमगढ़ में 42.5 डिग्री और सागर में 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 41.5 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री, ग्वालियर में 40.5 डिग्री, जबलपुर में 39.4 डिग्री और उज्जैन में तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया।
रायसेन, सीधी, धार, खजुराहो, खंडवा, नौगांव, दमोह, खरगोन और शाजापुर में पारा 40 से 41.6 डिग्री के बीच रहा।
इसलिए बदला मौसम
IMD भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, तीन वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव होने, साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम और हवा का रुख बदला होने की वजह से ऐसा मौसम है। प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का दौर चल रहा है। 14 मई तक मौसम बदला रहेगा। प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है, इसलिए बादलों की गरज-चमक के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में अगले 4 दिन ऐसा मौसम
11 मई: पूरे प्रदेश में मौसम बदला रहेगा। यलो और ऑरेंज अलर्ट है। राजगढ़, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, दमोह और कटनी में ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, सीहोर में भी बादल-आंधी का दौर रहेगा। बाकी जिलों में भी बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
12 मई: राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में बारिश का अलर्ट है। आलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, धार, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, शाजापुर, भोपाल, नरसिंहपुर, जबलपुर में भी आंधी, बारिश का दौर रहेगा। रतलाम, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, सीहोर, रायसेन, विदिशा, गुना, सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, उमरिया, कटनी में भी मौसम बदला रहेगा।
13 मई: प्रदेश के सभी जिलों में मौसम बदला रहेगा। कहीं बादल रहेंगे तो कहीं आंधी भी चल सकती है।
14 मई: प्रदेश के कुछ जिलों में ही मौसम बदला रहेगा। नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, सीहोर, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज और अनूपपुर में हल्की बारिश हो सकती है।