आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। PM ने कहा- कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को पांच सालों में अपराध का गढ़ बना दिया। यहां विकास या तो बैनर-पोस्टर में दिखता है या कांग्रेस नेताओं की तिजोरी में। चारों तरफ यहां भ्रष्टाचार का बोल-बाला है। इस सरकार को बदलना है।

PM मोदी आगे बोले, ये बदलाव सिर्फ आप कर सकते हैं। विधानसभा चुनाव में बटन कमल पर दबाना है, तभी यहां विकास धरातल पर दिखाई देगा।

PM का पिछले तीन महीनों में छत्तीसगढ़ का यह चौथा दौरा है। यहां इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। PM ने सबसे पहले बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। जगदलपुर में उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स का इनॉगरेशन और शिलान्यास भी किया।

PM बोले- छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आपराधिक मामलों की होड़

कांग्रेस ने सिर्फ 5 साल में छत्तीसगढ़ की जो हालत की है उसे पूरा देश देख रहा है। इनके विधायकों और मंत्रियों ने जो कारनामे किए हैं उससे हर कोई त्रस्त है। छत्तीसगढ़ में अपराध चरम पर है, हत्याओं के मामले में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्य की श्रेणी में पहुंच गया है, कभी-कभी तो लगता है कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आपराधिक मामलों में स्पर्धा चल रही है।

PM ने आगे कहा, ये (कांग्रेस सरकार) झूठी बातें फैलाकर को स्टील प्लांट पर कब्जा करना चाहते हैं और इसके जरिए मोटी कमाई करना चाहते हैं… स्टील प्लांट बस्तर के लोगों का है। मैं किसी भी कांग्रेस नेता को इस स्टील प्लांट का मालिक नहीं बनने दूंगा।

इससे पहले 30 सितंबर को भी पीएम ने छत्तीसगढ़, 1 अक्टूबर को तेलंगाना का दौरा किया था…

छत्तीसगढ़ में मोदी ने कहा – जब तक कमल नहीं खिलेगा हम चैन से नहीं रहेंगे

PM नरेंद्र मोदी 30 सितंबर को बिलासपुर में BJP की परिवर्तन यात्रा का समापन करने पहुंचे थे। उन्होंने यहां भाषण में कहा था, कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन तय हो गया है। हमारा एक ही नेता है कमल, हमारा एक ही उम्मीदवार है कमल। हर बूथ पर जब तक कमल नहीं खिलेगा हम चैन से नहीं रहेंगे।

पीएम मोदी ने आगे कहा था, छत्तीसगढ़ में सिर्फ घोटाले ही घोटाले हैं। हर योजना में भ्रष्टाचार हावी है। छत्तीसगढ़ अब कांग्रेस को हटाने और भाजपा को लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।पूरा प्रदेश कुशासन से त्रस्त है। भाजपा ने छत्तीसगढ़ के लोगों के सामर्थ्य को समझा। अटल जी ने छत्तीसगढ़ का निर्माण किया।