आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर में वाइब्रेंट गुजरात समिट के 10वें एडिशन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत अगले 25 वर्षों के लक्ष्य पर काम कर रहा है। जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब तक हमने भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य रखा है।
UAE के प्रेसिडेंट मोहम्मद बिन जायद कई अन्य वर्ल्ड लीडर्स और इंडस्ट्री लीडर्स के साथ चीफ गेस्ट के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल हैं। वहीं मुकेश अंबानी, पंकज पटेल, गौतम अडाणी और लक्ष्मी मित्तल समेत देश-विदेश के दिग्गज कारोबारी समिट में मौजूद हैं।
मोदी के भाषण की बड़ी बातें:
- भारत-यूएई के बीच कई समझौतों पर साइन हुए
पीएम मोदी ने कहा- इस कार्यक्रम में मेरे भाई, और UAE के प्रेसिडेंट का होना खुशी की बात है। भारत और UAE ने अपने रिश्तों को जो नई ऊंचाई दी है, उसका श्रेय मेरे दोस्त और UAE के प्रेसिडेंट शेख मोहम्मद बिन जायद को जाता है। दोनों देशों के बीच कई बड़े समझौते हुए हैं। पोर्ट डेवलपमेंट के लिए संयुक्त अरब अमीरात के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं।
- स्ट्रक्चरल रिफॉर्म से दिख रहा भारत की ग्रोथ में मोमेंटम
भारत की प्राथमिकता फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी है। भारत की प्राथमिकता ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर है। इसकी झलक ट्रेड शो में देख सकते हैं। मेरा आग्रह है सभी लोग ट्रेड शो जरूर देखें। इन सेक्टर्स में इन्वेस्टमेंट के लिए लगातार नए अवसर बन रहे हैं। अगर भारत की ग्रोथ में इतना मोमेंटम दिख रहा है, तो इसकी वजह बीते 10 साल में किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर रिफॉर्म पर फोकस है।
- भारत में 10 साल में 74 से 149 एयरपोर्ट हुए
भारत लॉजिस्टिक्स पर भी तेजी से काम कर रहा है। 10 साल पहले भारत में 74 एयरपोर्ट थे आज भारत में 149 एयरपोर्ट हैं। नेशनल हाईवे नेटवर्क दो गुना और मेट्रो ट्रेन नेटवर्क 3 गुना से ज्यादा बढ़ चुका है। गुजरात हो महाराष्ट्र हो या इस्टर्न कोस्ट लाइन हो इनको आज डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जोड़ा जा रहा है।
पहली कार्बन फाइबर फैसिलिटी स्थापित कर रहे: मुकेश अंबानी
रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन और MD मुकेश अंबानी ने कहा- जब मेरे विदेशी दोस्त मुझसे पूछते हैं कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का मतलब क्या है, तो मैं कहता हूं कि भारत के प्रधानमंत्री एक विजन बनाते हैं और उसे क्रियान्वित करते हैं, वे असंभव को संभव बना देते हैं।
मेरे पिता धीरूभाई अंबानी मुझसे कहा करते थे कि गुजरात हमेशा तुम्हारी कर्मभूमि रहेगी। मैं आज दोहराता हूं कि रिलायंस हमेशा गुजरात की कंपनी रहेगी। रिलायंस ने भारत में 12 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है, जिसमें से एक तिहाई निवेश गुजरात में किया है।
मुकेश अंबानी ने बताया कि रिलायंस हजीरा में भारत की पहली कार्बन फाइबर फैसिलिटी स्थापित कर रही है।