भोपाल। छिंदवाड़ा के पेंच क्षेत्र की बंद बरकुही-इकलेहरा ओपन कास्ट कोयला खदान के कोल स्टाक यार्ड में पिछले डेढ माह से आग लगी हुई है। यहां पर लगभग 1 लाख 20 हजार टन कोयला का स्टाक बताया जा रहा है। इस खदान का कोयला रोड सेल में करीब पांच हजार प्रति टन की दर से गया है इस हिसाब से करीब पचास करोड रूपए का कोयला धधक रहा है।
आग को बुझाने के लिए प्रबंधन ने केवल परंपरागत और रस्म अदायगी की है जिसके कारण स्टाक के एक हिस्से में लगी आग ने पूरे कोयला भंडार को अपने चपेट में ले लिया है। खदान तीन जुलाई से बंद है यहां के मेन पावर को अन्य खदानों में स्थानांतरित किया जा रहा है। कोयला भंडार की सुरक्षा में अन्य खदानों की तरह यहां पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सीआइएसएफ तैनात नहीं है। खदान चारों तरफ से खुली हुई है जिसके कारण कोयला चोरी भी शुरू हो गयी है। स्टाक यार्ड से मेन रोड तक कोयला परिवहन के लिए बनाया गया कच्चा मार्ग बारिश में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया मार्ग के दोनों तरफ गहरी खंदक होने के कारण कोयला परिवहन करने में भी रूकावटें आई है। प्रबंधन ने आग बुझाने के लिए जेसीबी की सहायता से जलते हुए कोयले को अलग कर फैलाकर बुझाने की कोशिश की थी लेकिन पर्याप्त उपाय नहीं करने से अब आग ने पूरे भंडार को अपने चपेट में ले लिया है। खदान के नीचे जमा पानी को मोटर पंप की सहायता से उपर लिफ्ट कर पाइप लाइन की सहायता से आग बुझाया जा रहा है लेकिन यह नाकाफी सिद्व हो रहा है। नाइट्रोजन जैसे आधुनिक उपायो का प्रयोग नहीं किया जा रहा है।
कोयला स्टाक में आग संदेह के घेरे में
कोल स्टाक में आग स्वत: तपन प्रक्रिया से लगती है जो सामान्य बात है लेकिन उसको बुझाने का पूरे तरीके से प्रयास नहीं करना कई सवाल खड़े करता है। चर्चाओ के अनुसार वहां का कोयला अन्य खदानों के स्टाक ओवर रिपोर्टिंग को एडजस्ट करने के लिए किया गया है। आग को बुझाने के लिए पर्याप्त उपाय नहीं किए जा रहे है जिसके कारण वर्तमान में आग को बुझाना बहुत मुश्किल हो गया है।
इनका कहना है
-पेंच क्षेत्र के अधिकांश खदानों के कोल स्टाक में आग लगने की घटना संदेह उत्पन्न करती है। इसमे प्रबंधन की लापरवाही है कई बार ध्यान आकृष्ट करने के बाद भी अधिकारी समय पर कार्यवाही नहीं करते है। बरकुही-इकलेहरा ओसी खदान में करोड़ो रूपये का कोयला धधक रहा है लेकिन प्रबंधन कोई ठोस उपाय नहीं कर रहा है।
सोहन वाल्मिक, विधायक रीजनल अध्यक्ष इंटक
-कोल स्टाक मे आग लगने की घटना सामान्य है। यहां पर अधिक नुकसान नहीं हुआ है प्रबंधन आग बुझाने के सभी प्रयास कर रहा है।
एसपी सिंह, पीआरओ, वेकोलि मुख्यालय