मुम्बई । मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने तीनों प्रारुपों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बने रोहित शर्मा को सम्मानित करने का फैसला किया है। रोहित घरेलू क्रिकेट में मुम्बई से खेलते हैं।

एमसीए के एक सदस्य ने कहा, ‘शीर्ष परिषद बैठक में रोहित को सभी तीनों प्रारूपों का कप्तान बनने पर सम्मानित करने का फैसला किया गया। रोहित के अलावा अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को भी एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

वहीं इसके साथ ही एमसीए भारतीय क्रिकेट टीम के युवा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को भी सम्मानित करेगी। एसोसिएशन ने कहा कि आईपीएल 2022 से पहले सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पृथ्वी शॉ और सरफराज खान भी सम्मानित होंगे।