नई दिल्ली । बीते सप्ताह सेंसेक्स की 10 मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में 2,21,555.61 करोड़ रुपए की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान इन्फोसिस और एचडीएफसी बैंक को सबसे अधिक नुकसान हुआ। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज और अडाणी ग्रीन एनर्जी ही लाभ में रहीं। समीक्षाधीन सप्ताह में इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 68,548.8 करोड़ रुपए घटकर 6,67,062.55 करोड़ रुपए, एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 60,536.97 करोड़ रुपए घटकर 7,51,801.60 करोड़ रुपए, भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 30,127.49 करोड़ रुपए
के नुकसान से 4,05,723.51 करोड़ रुपए, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की 18,094.01 करोड़ रुपए के नुकसान से 13,21,594.47 करोड़ रुपए, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 15,261.09 करोड़ रुपए टूटकर 4,46,587.56 करोड़ रुपए, बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 13,264.96 करोड़ रुपए घटकर 4,30,420.83 करोड़ रुपए, आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 10,376.97 करोड़ रुपए घटकर 5,19,362.62 करोड़ रुपए और हिंदुस्तान यूनिलीवर का 5,345.32 करोड़ की गिरावट के साथ 5,00,392.45 करोड़ रुपए रह गया।
इसके विपरीत रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 1,39,357.52 करोड़ रुपए बढ़कर 18,66,071.57 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। अडाणी ग्रीन एनर्जी का मूल्यांकन 3,698.89 करोड़ रुपए चढ़कर 4,51,749.88 करोड़ रुपए रहा। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अडाणी ग्रीन एनर्जी, एसबीआई, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल का स्थान रहा।