आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की वर्चुअल बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को चेयरपर्सन बनाया गया है। अभी आधिकारिक घोषणा बाकी है। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार को संयोजक बनाने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन बिहार के CM ने मना कर दिया। इसकी पुष्टि बिहार के मंत्री संजय झा ने भी की।
करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में सीटों के बंटवारे पर भी चर्चा हुई। बैठक का मकसद गठबंधन में संवादहीनता की कमी नहीं होने देना था। 28 दलों के इस गठबंधन में सिर्फ 9 पार्टियां ही वर्चुअल बैठक में शामिल हुईं।
मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, लालू यादव और तेजस्वी यादव (RJD), बिहार के सीएम नीतीश कुमार (JDU), दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (AAP), उमर अब्दुल्ला (नेशनल कॉन्फ्रेंस), सीताराम येचुरी (CPI-M), डी राजा (CPI), शरद पवार (NCP-शरद पवार) और DMK की तरफ से तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन जुड़े।
तृणमूल प्रमुख और पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी, शिवसेना (UBT) के उद्धव ठाकरे और समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव मीटिंग में शामिल नहीं हुए। सीट शेयरिंग के मुद्दे पर ममता ने पहले से ही कांग्रेस से दूरी बना रखी है। वह कांग्रेस को बंगाल में 2 सीटें देने पर अड़ी हैं।
TMC ने कहा- बैठक की जानकारी देर से मिली
तृणमूल सूत्रों ने कहा कि उन्हें बैठक की जानकारी काफी देर से मिली और ममता के कार्यक्रम पहले से तय थे। इसलिए वह बैठक में शामिल नहीं हो रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ये बैठक कुछ दिन पहले होनी थी, लेकिन किसी वजह से ऐन मौके पर रद्द हो गई थी।
ये पहला मौका नहीं है, जब ममता बनर्जी ने बैठक में आने से इनकार किया है। दिसंबर 2023 में भी ममता गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हुई थीं। तब उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने बैठक की जानकारी दो दिन पहले दी। ऐसे में मैं पहले से तय अपने कार्यक्रम रद्द नहीं कर सकतीं।
स्थिति को देखकर लग रहा है कि BJP से टक्कर लेने के लिए बने I.N.D.I.A के 28 दलों के बीच सीट शेयरिंग बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। गठबंधन में शामिल कई पार्टियों के नेता ऐसे बयान दे चुके हैं, जिससे साफ है कि वे पार्टी के प्रभाव वाले राज्यों में सीटों के मुद्दे पर समझौता नहीं करेंगे।
नड्डा बोले- वर्चुअल गठबंधन सिर्फ वर्चुअल मीटिंग ही करेगा
INDIA गठबंधन की वर्चुअल मीटिंग को लेकर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- जब मैंने आज INDI गठबंधन की बैठक के बारे में सुना, तो मैंने पूछा कि बैठक कहाँ हो रही है और पता चला कि यह एक वर्चुअल बैठक है। वर्चुअल गठबंधन सिर्फ वर्चुअल मीटिंग ही करेगा। इससे ज्यादा वे कुछ नहीं कर सकते।
पीएम मोदी का एजेंडा विकसित भारत, युवा सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, गरीबी कम करना है…लेकिन उनका (विपक्ष) एजेंडा क्या है? यह ‘मोदी हटाओ’ है। INDI गठबंधन के केवल दो एजेंडे हैं, परिवार बचाओ और संपत्ति बचाओ।