ITDC India e-Press / Agencies

/ एजेंसियाँ:

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या के मुख्य आरोपी पवन यादव उर्फ मोनू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार तड़के जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। घायल आरोपी को उपचार के लिए उरई जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर इलाके में मौजूद है। इसके बाद कालपी, उरई और कदौरा थानों की पुलिस टीमों ने स्वाट टीम के साथ घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि घिरने पर आरोपी ने दो राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से देसी .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा एक काली मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मुठभेड़ के संबंध में अलग से मामला दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का 31 अक्टूबर को अपहरण कर लिया गया था। आरोपियों ने उनसे कानूनी मामले पर चर्चा और चाय पीने के बहाने संपर्क किया था। बाद में कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में उनका शव बरामद हुआ। पुलिस इस हत्याकांड में चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मोनू यादव की गिरफ्तारी के साथ मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। पुलिस अब वारदात की साजिश और सभी आरोपियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #जालौन #वकील #हत्याकांड #मुख्य #आरोपी #मुठभेड़ #गिरफ्तार #जालौनमेंवकीलहत्याकांड