आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : महाराष्ट्र में बागी विधायकों पर कार्रवाई करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट में 13 अक्टूबर को सुनवाई होगी। यह याचिका नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के शरद पवार गुट की तरफ से डाली गई है। याचिका में अजित पवार के नेतृत्व वाले बागी विधायकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को निर्देश देने की मांग की गई।
स्वामी रामदेव से जुड़ी याचिका पर SC ने केंद्र से जवाब मांगा, क्रिमिनल FIR में प्रोटकेशन की मांग की थी
सुप्रीम कोर्ट ने योग गुरु स्वामी रामदेव से जुड़ी एक याचिका पर केंद्र, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जवाब मांगा है। स्वामी रामदेव ने कोविड-19 महामारी के इलाज में एलोपैथी की प्रभावकारिता पर टिप्पणी की थी। इन टिप्पणियों को लेकर विभिन्न राज्यों में उनके खिलाफ आपराधिक FIR दर्ज हैं। FIR में प्रोटकेशन के लिए रामदेव सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं।
तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, कई लोगों की मौत होने की आशंका
तमिलनाडु के अरियालूर में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। हादसे में कई लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। अभी तक मृतकों और घायलों की संख्या पता नहीं चल सकी है।
न्यूजक्लिक फाउंडर प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई आज
UAPA मामले में गिरफ्तार न्यूजक्लिक वेबसाइट के फाउंडर प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड अमित चक्रवर्ती की याचिकाओं पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। दोनों ने अपनी गिरफ्तारी, अपने खिलाफ FIR और सात दिन की रिमांड के खिलाफ याचिका दाखिल की थी।
शाहरुख खान को जान का खतरा, मुंबई पुलिस ने उन्हें Y+ सिक्योरिटी दी
मुंबई पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को जान का खतरा है। इसे देखते हुए मुंबई पुलिस ने उन्हें Y+ सिक्योरिटी दी है। उनके साथ हर समय सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे जो MP-5 मशीन गन, AK-47 असॉल्ट राइफल और ग्लॉक पिस्तौल से लैस होंगे। पुलिस ने कहा कि उनके आवास पर भी हर समय चार सशस्त्र पुलिसकर्मी रहेंगे।
पुलिस ने कहा कि शाहरुख खान इस सुरक्षा कवर के लिए भुगतान करेंगे। कहा गया है कि सरकारी पुलिस सुरक्षा प्रदान की जा रही है, क्योंकि भारत निजी सुरक्षाकर्मियों को अत्याधुनिक हथियारों से लैस होने की अनुमति नहीं देता है।
मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी अस्पताल में भर्ती
तमिलनाडु के गिरफ्तार मंत्री वी सेंथिल बालाजी को रविवार देर रात एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले के सिलसिले में ED ने उन्हें गिरफ्तार किया था। वे चेन्नई की पुझल जेल में बंद थे। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें जेल से अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया है।