आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश के गुना में बुधवार को डंपर से टक्कर के बाद यात्री बस में आग लग गई। हादसे में 13 लोग जिंदा जल गए। 11 शव बस के अंदर, जबकि दो गेट के पास मिले। प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। करीब 16 लोग झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस एक भाजपा नेता के बड़े भाई की बताई जा रही है। हादसे पर PM नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गुना जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। CM ने RTO रवि बरेलिया को सस्पेंड कर दिया है। फायर ब्रिगेड देर से पहुंचने के कारण CMO बीडी कतरोलिया को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
बता दें कि हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ। बस गुना से आरोन की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे एक डंपर से बस की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बस पलट गई और उसमें आग लग गई। दो-ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया जा सका। गुना SP विजय कुमार खत्री ने बताया कि बस में करीब 30 सवारियां थीं।
परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, बस का रजिस्ट्रेशन और बीमा नहीं था। फिटनेस सर्टिफिकेट भी एक्सपायर हो चुका था। घायल यात्रियों के बयान के आधार पर बस मालिक भानु प्रताप सिकरवार, ड्राइवर और डंपर चालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। FIR में बस और डंपर चालकों के नाम नहीं लिखे हैं। केवल गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज किए गए हैं।
भानु प्रताप ठेकेदार हैं और भाजपा नेता विश्वनाथ सिकरवार के छोटे भाई हैं। विश्वनाथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष रहे हैं।
सात शव एक-दूसरे से चिपके हुए थे
हादसे की वीभत्सता इसी से समझ सकते हैं कि शव को उठाने में भी अंग गिर रहे थे। कुल 13 शव मिले। बस के अंदर से जो 9 शव निकाले गए, उनमें 7 एक-दूसरे से चिपके थे। इनको बाहर निकालने में कर्मचारियों के हाथ कांप रहे थे। शव ऐसे जले कि घरवाले तक नहीं पहचान पाएंगे।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घाटी पर चालक न्यूट्रल में डंपर उतार रहा था। इसी दौरान स्टीयरिंग और ब्रेक जाम हो गए और डंपर सीधे बस से जा टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए और फंसे लोगों को निकाला। मौके पर SDERF की टीम भी पहुंची। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं की जा सकी है।
एक-दूसरे पर गिरे यात्री, 15 से 17 घायलों को खिड़की से निकाला
यात्री मोहन सिंह ने बताया, ‘मैं बेकरी का सामान लेकर गुना से आरोन जा रहा था। मैं जिस ओर बैठा था, उसी ओर से बस पलटी। यात्री मेरे ऊपर गिरे। जैसे-तैसे मैं बाहर निकला, तब तक बस गर्म हो गई थी और कुछ समय बाद आग लग गई। कुछ लोग वहीं फंसे रह गए।’
प्रत्यक्षदर्शी मुकेश धाकड़ ने बताया, ‘मैं ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। अपने साथी के साथ लोगों को बचाने दौड़ा। करीब 15-17 लोगों को खिड़कियों से निकाला।’
यात्री निशा ओझा ने बताया कि हम 6 लोग गुना कोर्ट से आरोन जा रहे थे। हादसे के समय कुछ देर तक समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ? इसके बाद हम लोग कांच से बाहर निकले, तभी बस में आग लग गई। मेरे साथ संगीता भी थी, वह लापता है।