नई दिल्ली । शेयर बाजार में देश के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित आईपीओ एलआईसी को लेकर चर्चाएं गर्म है। इसका काउंटडाउन शुरू हो चुका है। एलआईसी का आईपीओ 4 मई को खुलेगा। शेयर खरीदने के लिए 9 मई तक आवेदन किया जा सकता है। एलआईसी आईपीओ का प्राइस बैंड 902 से 949 रुपये प्रति शेयर है। एक लॉट में 15 शेयर रखे गए हैं।  निवेशक कम से कम एक और अधिकतम 14 लॉट के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसलिए इन आईपीओ में निवेश करने के लिए कम से कम 14,235 रुपये और अधिकतम 1,99,290 रुपये की जरूरत होगी।

सरकार ने एलआईसी की पॉलिसीधारकों के लिए 60 रुपये प्रति इक्विटी शेयर छूट देने की बात कही है। इस छूट के लिए केवल वही एलआईसी पॉलिसीधारक पात्र होंगे, जिन्होंने 13 अप्रैल, 2022 या इससे पहले एलआईसी की कोई पॉलिसी खरीदी है।  पॉलिसीधारकों के लिए आईपीओ में 15 परसेंट का रिजर्वेशन रखा गया है। एलआईसी कर्मचारियों को 45 रुपये प्रति इक्विटी शेयर छूट दी जाएगी।

इस आईपीओ को लेकर एलआईसी पॉलिसीधारकों में खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के अनुसार, करीब 6.48 करोड़ पॉलिसी धारकों ने अपने पैन नंबर को पॉलिसी डिटेल के साथ जोड़ा है। इस आईपीओ के माध्यम से सरकार एलआईसी की अपनी 3.5 फीसदी हिस्सेदारी को बेच रही है। इसके माध्यम से सरकार ने 21,000 करोड़ रुपये इकट्ठा करने का टारगेट तय किया है। यह भारतीय बाजार में अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ है।

कई निवेशक ऐसे ही हैं जो एलआईसी के कर्मचारी हैं और उनके पास इसकी पॉलिसी भी है। कुछ लोग पॉलिसीहोल्डर होने के साथ-साथ रिटेल निवेशक भी हो सकता है। मार्केट एक्सपर्ट कहते हैं कि कोई व्यक्ति रिटेल और पॉलिसी होल्डर, दोनों की कैटेगरी में आईपीओ के लिए आवेदन कर सकता है। इस तरह उसे अधिकतम 4 लाख रुपये निवेश करने होंगे।

और इस तरह एलआईसी का कर्मचारी तीन कोटे (पॉलिसी होल्डर और रिटेल के साथ) में आवेदन कर सकता है। ऐसे व्यक्ति को अधिकतम 6 लाख रुपये निवेश करने होंगे। आईपीओ की लॉन्चिंग से पहले एलआईसी का ग्रे मार्केट प्रीमियम- जीएमपी बढ़ता जा रहा है।  शनिवार को एलआईसी आईपीओ का जीएमपी 92 रुपये हो गया। जीएमपी से अंदाजा लगाया जाता है कि शेयर बाजार में कंपनी के स्टॉक की लिस्टिंग किस भाव पर हो सकती है।