आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: लैंड फॉर जॉब मामले में लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ईडी की तरफ से मंगलवार को इस मामले में एक नई चार्जशीट दायर की गई है। इसमें लालू यादव की एक और बेटी हेमा यादव को भी आरोपी बनाया गया है।
ईडी की नई सप्लीमेंट्री चार्जशीट में हेमा यादव के अलावा राबड़ी देवी, मीसा भारती, अमित कात्याय, हृदयानंद चौधरी समेत कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
सूत्रों की मानें तो इसमें दो कंपनी भी शामिल हैं जिनका नाम फिलहाल अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। ईडी की तरफ से ये चार्जशीट दिल्ली के राउज एवेन्यू स्थित विशेष कोर्ट में दायर की गई है।
कोर्ट की तरफ से ईडी को चार्चशीट की ई-कॉपी भी फाइल करने का आदेश दिया गया है। अब इस मामले पर 16 जनवरी को सुनवाई होगी।
बीजेपी प्रवक्ता अरविंद सिंह ने इस कार्रवाई को संवैधानिक प्रक्रिया बताया है। उन्होंने कहा कि ये उनके कर्मों का फल है। एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। जो घोटाले किए हैं उनका परिणाम तो भुगतना ही होगा।
3 जुलाई 2023 को सीबीआई की चार्जशीट में तेजस्वी को बनाया गया था आरोपी
इससे पहले 3 जुलाई को लैंड फॉर जॉब मामले में तेजस्वी यादव को आरोपी बनाया गया था। इस केस में तेजस्वी के अलावा 17 लोग शामिल हैं। इनमें आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व सीएम राबड़ी देवी के साथ कई अन्य नए बिचौलियों के नाम को भी शामिल किया गया है। इस मामले में फिलहाल पूरा लालू परिवार जमानत पर है और इसकी सुनवाई राउज एवेन्यु कोर्ट में चल रही है।
7 अक्टूबर को पेश हुई थी पहली चार्जशीट
लैंड फॉर जॉब मामले में सीबीआई की तरफ से पहली चार्जशीट 7 अक्टूबर 2022 दाखिल की गई थी। इसमें लालू यादव, राबड़ी देवी उनकी बेटी मीसा भारती समेत 16 लोगों को आरोपी बनाया गया था। लालू, राबड़ी और मीसा को इसमें भी जमानत मिल गई है।
नवंबर से ही हिरासत में है अमित कात्यायल, जानिए क्या है आरोप
अमित कात्यायल को लालू परिवार का करीबी माना जाता है। लैंड फॉर जॉब मामले में ईडी ने कात्ययाल को 10 नवंबर 2023 को अरेस्ट किया था। तब से ये हिरासत में हैं। इससे पुलिस अमित कात्यायल से लंबी पूछताछ की थी। इससे पहले कात्याल के कई ठिकानों पर ED ने मार्च में छापा मारा था।
ED के अनुसार, कात्याल राजद प्रमुख के करीबी सहयोगी होने के साथ-साथ एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व निदेशक भी हैं। एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड इस मामले में कथित ‘‘लाभार्थी कंपनी’’ है और इसका रजिस्टर्ड ऑफिस दक्षिण दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक आवासीय भवन है, जिसका इस्तेमाल तेजस्वी करते हैं।
लालू के करीबियों पर हुई थी छापेमारी
9 मार्च 2023 को लैंड फॉर जॉब स्कैम केस में ईडी ने लालू यादव के करीबियों के दिल्ली, मुंबई, नोएडा और पटना में 15 जगहों पर छापेमारी की थी। छापेमारी की जद में लालू यादव की तीन बेटियों हेमा, रागिनी और चंदा भी थी। इनके दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के घर में छापेमारी की गई थी।
छापेमारी के बादी ईडी की टीम ने बताया था कि लालू के समधी के घर 16 घंटे तलाशी चली। तलाशी के बाद 3 बड़े बॉक्स में ईडी यहां से डॉक्यूमेंट ले गई थी। ये डॉक्यूमेंट लालू के समधी जितेंद्र यादव के गाजियाबाद (UP) स्थित आवास से जब्त किया गया था।