आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एशियन गेम्स में भारत ने इस बार 28 गोल्ड समेत कुल 107 पदक जीते हैं। यह एशियन गेम्स में भारत का अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन रहा। मगर, इसमें भारत कुश्ती में एक भी गोल्ड मेडल नहीं जीत पाया। कुश्ती भारत का प्रमुख खेल है।

जबकि पिछले एशियन गेम्स में भारत ने कुश्ती में 2 गोल्ड मेडल समेत कुल 3 पदक जीते थे। एशियन गेम्स में खासतौर पर रेसलिंग में गोल्ड मेडल नहीं जीतने पर भाजपा के सांसद और रेसलिंग फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का साफ तौर पर कहना है कि कुश्ती के सितारों ने ही देश में कुश्ती का बंटाधार कर दिया है।

दैनिक भास्कर ने बृजभूषण सिंह से एशियन गेम्स में रेसलिंग में भारत की परफॉर्मेंस को लेकर सवाल-जवाब किए। चलिए, आपको बताते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा

सवाल- आपने कहा कि ये लोग ट्रायल से गए होते, तो शायद रेसलिंग में भी पदक आते?

जवाब- हमारे देश की कुश्ती इतनी ऊपर उठ चुकी है कि भारत में अपने वजन में ट्रायल जीतना समझो कि एशिया का मेडल है। इस विवाद से नेशनल डिस्टर्ब हुआ। कैंप डिस्टर्ब हुआ। उनकी कोई ट्रेनिंग नहीं हुई। अगर सब सही से होता, तो यह जो आपको ब्रॉन्ज मेडल दिखाई दे रहा है। यह गोल्ड में कन्वर्ट हो जाता। पिछली बार हमारे पास 3 मेडल थे। मगर, इस बार हम ब्रॉन्ज मेडल ले आए।

65 और 57 किलोग्राम वेट कैटेगरी ऐसी है। इसमें हिंदुस्तान का कोई बच्चा अगर ट्रायल देकर के जाता, तो वह जीतता ही है। ये जो सितारे हैं, ये मुझसे नाराज क्यों हुए? यह मुझसे इसीलिए नाराज हुए, क्योंकि मैंने एक व्यवस्था दी, एक प्रक्रिया दी कि कहीं भी कोई भी टीम जाएगी, तो ट्रायल प्रक्रिया से गुजर कर ही जाएगी। कुश्ती में ये होता था। उसमें जो कुछ कमी थी, उसमें हमने सुधार किया था। उसी का परिणाम है और उनके बारे में क्या बोलें?

सवाल- इस कंट्रोवर्सी से तो देश का नुकसान हुआ, गोल्ड मेडल कम हो गए?

जवाब- मेडल पर मत जाइए, क्रिकेट के बाद आज हिंदुस्तान के अंदर सबसे अधिक खिलाड़ी अगर किसी गेम में हैं, तो रेसलिंग में हैं। कम से कम 5000 अखाड़े केवल हरियाणा में हैं। हजारों अकादमी है। वह बच्चे पूछ रहे हैं कि हम क्यों कुश्ती करें? जब कोई साल भर में सर्टिफिकेट नहीं, कोई मेडल नहीं, कोई जॉब नहीं, तो ये हमारा मेडल का नुकसान नहीं किए हैं। इन्होंने देश की कुश्ती का बंटाधार कर दिया है। मगर, जल्द से जल्द इसको संभाल लिया जाएगा।

फिलिस्तीन के समर्थन पर कांग्रेस पर साधा निशाना

बृजभूषण सिंह ने कांग्रेस के फिलिस्तीन के समर्थन को लेकर प्रस्ताव पास करने पर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा,”ये बहुत गलत है और कांग्रेस को इसमें भी वोट दिखाई पड़ रहा है। हर चीज में इनको वोट दिखाई पड़ रहा है। ये बचकाना हरकत है।”

सर्वे में अगर परफॉर्मेंस खराब आएगी तो पार्टी टिकट काट देगी

एक तरफ तो बृजभूषण सिंह ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत को लेकर दावा किया। वहीं, कांग्रेस के जीत के दावे पर उन्होंने कहा, “इसमें ज्यादा वक्त नहीं है, यह सबके सामने आ जाएगा। वही उनसे जब यह पूछा गया कि बीजेपी भी अपने सांसदों के काम का सर्वे कराती है, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा, “अगर सर्वे में उनका काम खराब आएगा, तो पार्टी उनका टिकट काट देगी।”