सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : असम के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल में एंट्री कर चुकी है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यात्रा में किसी तरह की बाधा या परेशानी न हो, इसके लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेटर लिखा है। उन्होंने ममता बनर्जी से यात्रा को सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की है।
खड़गे ने लेटर में ममता से कहा कि आपको पता ही होगा कि आपके पड़ोसी राज्य असम में न्याय यात्रा को रोकने की कोशिश की गई। यह राजनीतिक उकसावे पर किया गया है, लेकिन हमारे कैडर ने इसका बहादुरी से सामना किया। अब यात्रा अगले कुछ दिनों में बंगाल से होकर गुजर रही है। मुझे अवगत कराया गया है कि कुछ शरारती तत्व फिर से यात्रा में बाधा बन सकते हैं। इसलिए सुरक्षा सुनिश्चित करें।
राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई यात्रा सुबह असम से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में प्रवेश कर गई। कूचबिहार में एक रोड शो का नेतृत्व करने के बाद राहुल गांधी नई दिल्ली चले गए, क्योंकि यात्रा ने दो दिन का ब्रेक लिया है। 28 जनवरी को दोपहर 2 बजे जलपाईगुड़ी से यात्रा फिर से शुरू होगी।
इससे पहले ममता बनर्जी ने कांग्रेस की न्याय यात्रा में शामिल न होने की भी बात कही थी। उन्होंने कहा- 25 जनवरी को राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है, लेकिन हमें इसके बारे में बताया तक नहीं गया। हमें यात्रा से जुड़ने के लिए नहीं बोला गया है, इसलिए हम इसमें शामिल नहीं होंगे।
बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी TMC
ममता ने 24 जनवरी को लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने मेरा प्रस्ताव ठुकराया दिया। हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे।
दरअसल, कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए बंगाल में 10 से 12 सीटों की मांग कर रही है, जबकि TMC केवल दो सीटें देने पर अड़ी है। यह वे सीटें हैं जिन्हें कांग्रेस ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जीता था। कांग्रेस के अलावा बंगाल में लेफ्ट पार्टियां भी हैं, जो 28 दलों वाले विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A का हिस्सा हैं।
ममता ने बुधवार को हावड़ा में मीडिया से कहा- मेरी कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की बिल्कुल चिंता नहीं है कि देश में क्या होगा, लेकिन हम सेक्युलर पार्टी हैं और बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे। मैं अब भी I.N.D.I.A का हिस्सा हूं।
कांग्रेस बोली- ममता के बिना गठबंधन की कल्पना नहीं
कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी जयराम रमेश ने ममता के फैसले पर कहा- ममता बनर्जी ने कहा था कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं और हम इसके लिए कुछ भी करेंगे। राहुल गांधी भी साफ कर चुके हैं कि ममता बनर्जी गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। उनके बिना गठबंधन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। I.N.D.I.A बंगाल में मिलकर चुनाव लड़ेगी।
जयराम रमेश ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा में TMC को निमंत्रण नहीं मिलने की बात पर कहा- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कई बार कह चुके हैं कि गठबंधन की सभी पार्टियां भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं। कांग्रेस पार्टी यात्रा में ममता जी का स्वागत करेगी।
भाजपा बोली- ममता का ये फैसला I.N.D.I.A के अंत की सूचना ममता के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले पर भाजपा IT सेल के प्रमुख और बंगाल भाजपा के सह प्रभारी अमित मालवीय ने कहा- ममता बनर्जी का ये फैसला उनकी हड़बड़ाहट दिखा रहा है। वे अपना राजनीतिक मैदान बचा नहीं पा रही हैं। इसलिए वे सभी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती हैं, ताकि चुनाव के बाद भी प्रासंगिक बनी रहें।
वे विपक्षी गठबंधन का चेहरा बनना चाहती थीं, लेकिन किसी ने उनका नाम नहीं सुझाया। राष्ट्रीय चेहरा बनने के लिए उन्होंने दिल्ली के कितने चक्कर लगाए, पर वे सब किसी काम नहीं आए। अब राहुल गांधी की यात्रा बंगाल पहुंचने के पहले ममता का ये फैसला I.N.D.I.A के अंत की सूचना है।