आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने विधि प्रकोष्ठ द्वारा निर्मित किताब ‘निर्वाचन निर्देशिका’ का विमोचन किया।
विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मनोज द्विवेदी ने बताया कि यह निर्देशिका विधानसभा चुनाव की दृष्टि से तैयार की गई है, जो उम्मीदवारों का मार्गदर्शन करेगी। ‘निर्वाचन निर्देशिका’ में प्रत्येक विधानसभा में कार्यरत विधि प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं की जानकारी है, जिनकी सहायता उम्मीदवारों द्वारा चुनाव आयोग में नॉमिनेशन फार्म दाखिल करते समय चल-अचल संपत्ति, सोशल मीडिया का अपराधिक रिकॉर्ड, आभूषण संबंधी ब्योरा देने के लिए की जा सकती है।
मनोज द्विवेदी ने बताया कि किताब में चुनाव के दौरान ली जाने वाली सभी प्रकार की अनुमतियां के फॉर्मेट दिए हुए हैं, जिनको पढ़कर आसानी से अनुमति प्राप्त की जा सकती है। आचार संहिता के दौरान प्रत्याशी को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए एवं विपक्षी उम्मीदवार की शिकायत किस प्रकार की जानी चाहिए, इसका विस्तृत विवरण इस निर्देशिका में दिया गया है।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री राघवेन्द्र शर्मा, चुनाव समन्वय समिति के संयोजक एस. एस. उप्पल, प्रकोष्ठ के सह संयोजक अशोक विश्वकर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज गुप्ता, सिवेंदु, अमन गर्ग, हेमंत द्विवेदी, गीतेश सहित प्रकोष्ठ उपस्थित रहे।