सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड– न्यूज़ भोपाल: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED ने चौथा समन भेजकर पेश होने को कहा है, लेकिन वे इस बार भी ED के दफ्तर नहीं जाएंगे। आज वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ तीन दिन के लिए गोवा जा रहे हैं। इस समन को लेकर केजरीवाल ने कहा कि भाजपा मुझे गिरफ्तार करवाना चाहती है, ताकि मैं लोकसभा चुनाव में प्रचार न सकूं।
इससे पहले उन्हें 3 जनवरी और पिछले साल 2 नवंबर और 21 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था। तीनों बार केजरीवाल जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे। CM केजरीवाल की ओर से 3 जनवरी को ED से कहा गया था कि वे राज्यसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस की तैयारियों में व्यस्त हैं। उनसे जो भी पूछना हो लिखित में भेज दें।
इसके पहले 2 नवंबर को केजरीवाल ने ED के समन को गैरकानूनी और राजनीति से प्रेरित बताया था। 21 दिसंबर का समन मिलने के बाद केजरीवाल 10 दिन के विपश्यना के लिए पंजाब के होशियारपुर चले गए थे।
केजरीवाल बोले- ED को भाजपा चला रही है
केजरीवाल ने कहा कि ED ने मुझे चौथा नोटिस भेजकर 18 या 19 जनवरी को पेश होने को कहा है। ये चारों नोटिस अवैध और अमान्य हैं। जब भी ED ऐसे नोटिस भेजता है, तो कोर्ट उन्हें निरस्त कर देता है। ये नोटिस और कुछ नहीं, बल्कि राजनीतिक बदला लेने की भावना की गई कार्रवाई है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में बीते दो साल से जांच चल रही है, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। मुझे लोकसभा चुनाव से दो महीने पहले क्यों बुलाया गया है? ED को भाजपा चला रही है, उनकी नीयत मुझे गिरफ्तार करने की है, ताकि मैं चुनावों में प्रचार न कर सकूं।
AAP बोली- भ्रष्ट नेता भाजपा से जुड़ जाते हैं, तो उनके खिलाफ मामले बंद कर दिए जाते हैं
AAP ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने ED को एक पत्र लिखकर कहा था कि उनके खिलाफ जारी किए गए समन को वापस ले लें क्योंकि ये अवैध और राजनीति से प्रेरित हैं। ED ने भी पत्र लिखकर केजरीवाल को बताया था कि वे मामले में आरोपी नहीं हैं, तो बार-बार उन्हें समन क्यों भेजे जा रहे हैं?
AAP ने ये भी कहा कि केजरीवाल को गिरफ्तार करने की कोशिश क्यों की जा रही है। भ्रष्ट नेता भाजपा से जुड़ जाते हैं और उनके खिलाफ मामले बंद कर दिए जाते हैं। हमने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया, हमारा कोई नेता भाजपा में शामिल नहीं होगा।
आतिशी ने 2 नवंबर को भी गिरफ्तारी का दावा किया था
ये पहली बार नहीं है जब AAP नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका जताई है। इससे पहले आतिशी ने 31 अक्टूबर को कहा था कि CM केजरीवाल 2 नवंबर को गिरफ्तार हो सकते हैं। ED ने इस दिन केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था।
2 नवंबर की सुबह दिल्ली में गहमा-गहमी थी। राजघाट पर पुलिस बढ़ा दी गई थी। उम्मीद थी कि ED ऑफिस जाने से पहले अरविंद केजरीवाल बापू की समाधि पर जाएंगे। हालांकि, केजरीवाल ED के समन पर पेश नहीं हुए। उन्होंने चिट्ठी लिखकर इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बता दिया।