आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए गए क्विज गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 15वां सीजन समाप्त हो चुका है। 29 दिसंबर को इस सीजन का आखिरी एपिसोड टेलिकास्ट किया गया, जिसमें अमिताभ बच्चन काफी इमोशनल हो गए थे। दरअसल, जब शो से विदाई लेने की बारी आई, तो उन्होंने कहा – ‘देवियों और सज्जनों, अब हम जा रहे हैं। कल से ये मंच नहीं सजेगा।
अपनों से ये कह पाना कि कल से हम यहां नहीं आएंगे…न तो कहने की हिम्मत हो पाती है और ना ही कहने का मन होता है। मैं अमिताभ बच्चन इस दौर के लिए आखिरी बार इस मंच से कहने जा रहा हूं- शुभरात्रि, शुभरात्रि।’ अमिताभ के इस बयान से फैंस को कंफ्यूजन हो गया। ये कयास लगने लगे कि बिग बी अब से अगले सीजन में इस शो को होस्ट नहीं करेंगे और शो भी ऑफ एयर हो जाएगा।
शो से जुड़े सूत्र ने इन सब सवालों के जवाब दिए और इस कंफ्यूजन को दूर करते हुए कहा,’सीजन 15 के आखिरी एपिसोड में जब अमिताभ अपनी विदाई स्पीच दे रहे थे तो वे काफी भावुक हो गए थे। उस दिन वे अपनी तबीयत को लेकर सोच-विचार कर रहे थे। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि साल 2024 में उनकी तबीयत उन्हें शो होस्ट करने की इजाजत देगी या नहीं।
इसी असमंजस में वो ये सब बातें कह गए लेकिन सच तो ये है कि अमिताभ बच्चन के बिना ये शो अधूरा है। मेकर्स और चैनल उन्हें अगले साल फिर से बतौर होस्ट लाने की तैयारी में जुट चुके हैं। हर साल की तरह, इस साल भी ये शो अगस्त-सितंबर के महीने में ही शुरू होगा।’
अमिताभ बच्चन ने साल 2000 में इस क्विज गेम शो से अपने टेलीविजन के सफर की शुरुआत की थी। फिल्मों के अलावा, उन्हें फैंस ने टीवी पर भी बेहद पसंद किया है।
इन फिल्मों में नजर आएंगे बिग बी
अमिताभ अब जल्द ही फिल्म ‘बटरफ्लाई’,’कल्कि 2898 एडी’, और ‘वेट्टैयन’ में नजर आएंगे। ‘वेट्टैयन’ से वह तमिल सिनेमा में डेब्यू कर रहे हैं।