ITDC India e-Press / Agencies

यूपी में ‘काली सरकार’ बाबा गिरफ्तार, आर्मी ड्रेस में लगाता था दरबार

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला उर्फ ‘काली सरकार’ को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वह झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र में नाम और पहचान बदलकर सत्यानंद शुक्ला के नाम से रह रहा था। यहां उसने मंदिर में अपना ठिकाना बना रखा था और आर्मी जैसी वर्दी पहनकर दिव्य दरबार लगाता था। उसके दरबार में देश के अलग-अलग राज्यों के अलावा विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उसके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, प्रदीप शुक्ला मूल रूप से हरदोई के चौहान थोक का निवासी है। उसके खिलाफ लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र के कुरैंचा गांव स्थित मंदिर में अपनी अलग पहचान बना ली थी। वह शुक्रवार, शनिवार और रविवार को नियमित रूप से दिव्य दरबार लगाता था। इस दौरान लोगों की बीमारियां ठीक करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के दावे करता था।

इससे पहले 10 अक्टूबर को हरदोई और झांसी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन अदालत में पेशी के बाद उसे रिहाई मिल गई थी। इसके बावजूद उसके खिलाफ पुराने आपराधिक मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी थी। पुलिस के अनुसार, आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में अदालत से वारंट जारी था। इसी वारंट के आधार पर 4 नवंबर को उसे दोबारा गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पुराने मामलों में अदालत में पेश नहीं होने के कारण स्थायी वारंट जारी हुए थे। अब पुलिस उसके खिलाफ लंबित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #यूपी #काली #सरकार #बाबा #गिरफ्तार #आर्मी #ड्रेस #यूपीमेंकालीसरकार