आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कन्नौज में गुरुवार सुबह ज्वेलर्स का हत्यारोपी बदमाश एनकाउंटर में मारा गया। उसका साथी पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। वहीं, बदमाशों की फायरिंग में 2 सिपाही भी घायल हुए हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ज्वेलर्स से लूटी ज्वेलरी और नगदी भी बरामद कर ली है। जिसकी कीमत 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
गुरुवार सुबह 7:30 बजे दोनों बदमाश इजहार और तालिब बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी पुलिस ने गुरसहायगंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पूर्वी बाइपास के नजदीक उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन खुद को फंसा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसमें गुरसहायगंज कोतवाली में तैनात सिपाही अमन सिंह और विनय कुमार घायल हो गए हैं।
पुलिस की तरफ से की गई फायरिंग में समधन निवासी बदमाश इजहार की गोली लगने की मौत हो गई। उसका साथी तालिब घायल हो गया। घायल दोनों सिपाहियों और बदमाश तालिब को गुरसहायगंज अस्पताल ले जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा।
250 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी बरामद
पुलिस ने मारे गए बदमाश के कब्जे से 250 ग्राम सोने के जेवर और 500 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। साथ ही 4 लाख 30 हजार कैश भी मिला है। इसके अलावा ज्वैलर्स से लूट की वारदात में प्रयोग की गई सफेद रंग की आपचे बाइक भी बरामद की है।
पूछताछ में घायल बदमाश तालिब ने बताया, कुछ और सोने-चांदी का सामान उसके एक अन्य साथी द्वारा बेचा गया है। अब पुलिस उस बदमाश की तलाश कर रही है, जिसने सामान बेचा था।
पुलिस ने 400 सीसीटीवी खंगाले
एसपी अमित कुमार आनंद ने मौके पर पहुंच कर मुठभेड़ की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 5 जनवरी शाम 7:30 बजे गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में एक सर्राफा कारोबारी अयाज अपने दो बेटों के साथ जा रहा था।
इसी बीच रास्ते में दो बदमाशों ने लूटपाट की थी। इसमें अयाज को गोली लगी थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के खुलासे के लिए 400 सीसीटीवी खंगाले गए। साथ ही 20 से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया था।
इलाज के दौरान एक बदमाश की मौत
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी में एक जगह अपराधी हमे हेलेमेट पहने हुए दिखे थे। सूचना देने वाले को 25 हजार इनाम देने की घोषणा की थी। आज गुरुवार सुबह 7:30 बजे मुठभेड़ गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ही जहांगीरपुर के करीब महोना-रामाश्रम के पास जीटी रोड किनारे हुई।
इस मुठभेड़ में दो सिपाही घायल हुए हैं। वहीं दो आरोपी इजहार और तालिब को भी गोली लगी है। जिसमें इलाज के दौरान इजहार की मौत हो गई है। तालिब पर 8 मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश के पास से लूटा गया 20 लाख का सामान बरामद कर लिया गया है।