सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पुणे से जम्मू तवी जाने वाली 11077 झेलम एक्सप्रेस में बम सूचना के बाद हड़कंप मच गया। जिस वक्त ट्रेन में बम होने की सूचना मिली ट्रेन भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन (RKMP) के नजदीक थी। जीआरपी ने ट्रेन के एस-9 कोच में बम होने की बात कहने वाले यात्री को हिरासत में ले लिया है।

झेलम एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 8.31 बजे RKMP स्टेशन पर पहुंचती है। दो मिनट के ठहराव के बाद 8.33 पर रवाना होती है। शुक्रवार सुबह ट्रेन करीब 15 मिनट की देरी से चल रही थी। रानी कमलापति स्टेशन के नजदीक ही एस-9 कोच में एक यात्री ने बम होने की बात कही। इसके बाद कोच में हड़कंप मच गया और यात्री सकते में आ गए।

आरपीएफ ने प्लेटफॉर्म पर घेरी ट्रेन

ट्रेन में बम होने की सूचना यात्रियों ने जीआरपी को दी। कुछ यात्रियों ने बम होने की बात कहने वाले यात्री को पकड़ लिया। जैसे ही 8.48 पर ट्रेन RKMP के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची तो जीआरपी और आरपीएफ के दस्ते ने एस-9 कोच को घेर लिया, जिसमें बम होने की खबर मिली थी।

बम की बात कहने वाला युवक हिरासत में

स्लीपर कोच सहित पूरी ट्रेन को आरपीएफ व जीआरपी ने सर्च किया। मौके पर डॉग स्क्वॉड को भी बुला लिया गया। इस दौरान उस यात्री को भी हिरासत में लिया गया, जिसने बम होने की बात कही थी। पूरी ट्रेन की चैकिंग के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के बाद 9.50 बजे ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

युवक मानसिक हालत ठीक नहीं

आरपीएफ कमांडेंट प्रशांत यादव ने कहा, ट्रेन के एक यात्री ने कहा कि ट्रेन में बम है। इसके बाद ट्रेन की तलाशी ली गई। इस पूरे प्रोसेस में एक घंटे से ज्यादा लग गया। बम की बात कहने वाला युवक मानसिक रूप से बीमार नजर आ रहा है। पूछताछ के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा। ​​​​​​

भोपाल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये धमकी ईमेल से दी गई है। जिसमें भोपाल एयरपोर्ट के साथ ही देश के कई दूसरे एयरपोर्ट्स का भी जिक्र है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर गांधी नगर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 507 और वायुयान अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।