आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इनकम टैक्स विभाग ने झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के 10 ठिकानों पर छापेमारी की। ये छापेमारी 6 दिसंबर को शुरू हुई थी जो 15 दिसंबर को खत्म हुई। 10 दिनों तक झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में की गई छापेमारी में 350 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश बरामद हुआ है।

इस छापेमारी के 10 दिन बाद धीरज साहू शुक्रवार को मीडिया के सामने आए और कहा कि ये सारा पैसा उनका नहीं है, बल्कि उनके परिवार और फर्म का है। वे हर चीज का हिसाब देंगे।

धीरज ने यह भी कहा कि इस पैसे का कांग्रेस या किसी और पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल बरामद नोटों को बोलांगीर और संबलपुर स्थित स्टेट बैंक में जमा करा दिया गया है।

सबसे पहले देखिए साहू के घर से मिले नोटों के बंडल की तस्वीरें…

ओडिशा में छापेमारी के दौरान आयकर टीम को इस तरह की अलमारियों में कैश मिला था।

ओडिशा के बोलांगीर में 10 दिसंबर को बौध डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड में मिला कैश।

बौध डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में छापेमारी करते IT विभाग के अधिकारियों की तस्वीर।

धीरज के बयान की बड़ी बातें…

सारा पैसा मेरा नहीं है। ये पैसा मेरे परिवार की फर्मों का है। इसमें छिपाने वाली कोई बात नहीं है। मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं कि अगर इनकम टैक्स ने छापा मारा है तो मैं हर चीज का हिसाब दूंगा।

कुछ दिन इंतजार कीजिए, मैं खुद सामने आकर और बताऊंगा। सारी चीज जनता के सामने रखूंगा।

ये काला धन है कि नहीं है, हम लोगों के पास हर बिजनेस है, वो मेरे परिवार के नाम से है। इनकम टैक्स का जवाब आने दीजिए, ये वही लोग बताएंगे।

मैं बिजनेसमैन नहीं हूं, मेरे परिवार वाले जवाब देंगे। मैं इन सबसे बहुत दूर हूं। जो भी जानकारी मुझे देनी थी, मैं दे चुका हूं।

ये इनकम टैक्स का छापा है, लोग इसे कैसे देख रहे हैं, मैं किसी पार्टी के ऊपर आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन ये कांग्रेस पार्टी या किसी और पार्टी का पैसा नहीं है, ये मैं दावे के साथ कह सकता हूं।

मैं 35 साल से एक्टिव पॉलिटिक्स में हूं। लेकिन मेरे साथ हुई यह पहली घटना है जिससे मेरे दिल को चोट पहुंची है।

जो पैसा पकड़ाया है वो हमारी फर्म का पैसा है। हमें शराब के बिजनेस में 100 साल से ऊपर हो गया है। इन सालों में हमने काफी रेवेन्यू दिया है। मैं चाहता हूं कि इसका अपनी तरफ से खुलासा कर दूं, लोगों को जानकारी मिले।

राजनीति छोड़कर मैं बिजनेस में भी ध्यान नहीं देता था। बिजनेस मेरे परिवार वाले ही करते थे। कभी कभार ही मैं इसके बारे में पूछता था।

हमारा संयुक्त परिवार है। हम 6 भाई और उनके बच्चे हैं। सब बिजनेस से जुड़े हैं। 100 साल से पुराना व्यवसाय है। जो पैसा मिला है, वह हमारी फर्मों का है।

शराब में सारा सेल कैश से होता है। यह सेल कलेक्शन का पैसा था। ये कांग्रेस या दूसरी पार्टी से इसका कोई संबंध नहीं है। ये पूरी तरह हमारी कंपनी का पैसा था।

अभी इनकम टैक्स की तरफ से ऐसा नहीं कहा गया है कि यह पैसा गैरकानूनी है। इस संबंध में जब भी मुझे पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा, पूरा हिसाब दूंगा।