ITDC India e-Press / Agencies

झांसी में श्मशान घाट पर लगा रहा ताला, तीन घंटे बाद हुआ अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के झांसी में श्मशान घाट के चौकीदार की लापरवाही के कारण एक परिवार को अंतिम संस्कार के लिए करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। चौकीदार श्मशान घाट के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर शादी समारोह में शामिल होने चला गया था। इस दौरान मृतका के परिजन शव लेकर घाट के बाहर इंतजार करते रहे।

मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लहर गिर्द का है। यहां रहने वाले संतोष अहिरवार की 33 वर्षीय पत्नी पूनम की प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें ग्वालियर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार शव लेकर घर पहुंचा और अंतिम संस्कार की तैयारी की।

शाम करीब सात बजे परिजन शव लेकर पहुज नदी के पास स्थित श्मशान घाट पहुंचे तो वहां के मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला। परिजनों का कहना है कि उन्होंने चौकीदार को पहले ही अंतिम संस्कार के लिए आने की सूचना दे दी थी। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि चौकीदार शादी समारोह में शामिल होने गया है। काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर परिजनों ने शव सड़क पर रखकर विरोध किया, जिससे वहां जाम की स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने चौकीदार को बुलवाया। करीब तीन घंटे बाद उसके पहुंचने पर श्मशान घाट का ताला खोला गया और पूनम का अंतिम संस्कार हो सका। घटना ने सार्वजनिक सुविधाओं की देखरेख और जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #झांसी #श्मशान #घाट #लगा #रहा #ताला #तीन #झांसीमेंश्मशानघाट