सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की संसदीय दल की बैठक आज सुबह 11 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में होगी। इसमें सांसदों के बीच मंत्रालयों के बंटवारे पर भी सहमति बनाने की कोशिश होगी।

इससे पहले NDA के सहयोगी दलों के संसदीय बोर्ड की मीटिंग दिल्ली में हो रही है। बिहार सीएम नीतीश कुमार के दिल्ली आवास पर JD(U) के संसदीय दल की बैठक शुरू हो गई है। इसमें पार्टी के चुने गए सभी नए सांसद शामिल हुए हैं।

वहीं, चिराग पासवान के दिल्ली आवास पर LJP (R) के नेताओं की बैठक हो रही है। NDA के संसदीय दल की बैठक से पहले हो रही इन मीटिंग को अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, आज ही NDA की सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। न्यूज एजेंसी ANI के सूत्रों का कहना है कि 9 तारीख को नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। समारोह शाम 6 बजे होगा।

5 जून को NDA की पहली बैठक पीएम आवास में शाम 4 बजे हुई थी। एक घंटे चली बैठक में 16 पार्टियों के 21 नेता शामिल हुए थे। सभी ने मोदी को NDA का नेता चुना था। लेकिन आज होने वाली संसदीय दल की बैठक में मोदी का आधिकारिक रूप से NDA का नेता चुना जाएगा।

उन्होंने बुधवार को ही राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंपा था। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर 17वीं लोकसभा भंग कर दी थी। हालांकि, नई सरकार के गठन तक मोदी कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं।

भाजपा को बहुमत नहीं, 14 सहयोगी दलों के 53 सांसदों का समर्थन

लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। हालांकि, NDA ने 293 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। NDA में भाजपा के अलावा 14 सहयोगी दलों के 53 सांसद हैं।

गठबंधन में चंद्रबाबू की TDP 16 सीटों के साथ दूसरी और नीतीश की JDU 12 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। दोनों ही पार्टियां इस वक्त भाजपा के लिए जरूरी हैं। इनके बिना भाजपा का सरकार बनाना मुश्किल है।

यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा- भाजपा कैडर आधारित पार्टी

भाजपा नेता और यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा, “यह ऐतिहासिक घटना है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में NDA तीसरी बार अपनी सरकार बनाने जा रही है। पहले लोग भाजपा को उत्तर की पार्टी कहते थे, लेकिन अब भाजपा को दक्षिण में भी जनादेश मिला है। भाजपा कैडर आधारित पार्टी है, हम समीक्षा करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि हम अपनी कमजोरियों पर काम करें। जो 100 सीटें भी नहीं ला पाए, वे जश्न मना रहे हैं और पूरा विपक्ष अकेले भाजपा जितनी सीटें नहीं ला सका।

चिराग पासवान को LJP (R) संसदीय दल का नेता चुना गया

जेडीयू संसदीय बैठक पर आनंद मोहन ने कहा मैं बैठक में शामिल होने आया। यूं ही मुलाकात करने आया। उन्होंने आगे कहा, “रेल मंत्रालय की मांग पक्की हो गई है। यह बिहार के हिस्से में रहा है। पिछड़े बिहार को रेल मंत्रालय की जरूरत है। सीएम ने पिछले 16 सालों में बिहार को जंगल-राज से बाहर निकाला और विकासशील बिहार बनाया। अगर हम इसे पंख देना चाहते हैं, तो विशेष राज्य की मांग पूरी होनी चाहिए।