आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कर्नाटक की जनता दल सेक्युलर (JDS) पार्टी आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो गई है। 22 सितंबर को JDS के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व CM एचडी कुमारस्वामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद यह ऐलान किया।
कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने इस गठबंधन को लेकर JDS पर तंज कसा। प्रियांक ने कहा- JDS को चुनाव आयोग को पत्र लिखना चाहिए और अपनी पार्टी के नाम से ‘सेक्युलर’ शब्द हटा देना चाहिए। क्योंकि एक समय आप धर्मनिरपेक्ष होने का दावा करते हैं, और उसी समय आप स्वतंत्र भारत के इतिहास की सबसे सांप्रदायिक पार्टी से हाथ मिला रहे हैं।
राज्य में BJP JDS की ‘बी’ टीम बन गई
प्रियांक ने आगे कहा – इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है क्योंकि अगर आप देखें कि कर्नाटक में चुनाव हारने के बाद BJP के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य नेतृत्व पर अपना भरोसा खो दिया है। इससे साफ जाहिर होता है कि JDS उनके लिए पहली चॉइस है और राज्य में BJP JDS के लिए ‘बी’ टीम बन गई है।
इस गठबंधन का आने वाले लोकसभा चुनावों में क्या असर पड़ेगा। इसको लेकर प्रियांक बोले- चाहे वे कितना भी भाईचारा दिखाएं, इससे कर्नाटक की किस्मत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। राज्य में लोकसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी जीतेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने JDS का स्वागत किया
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जेडीएस के NDA गठबंधन में शामिल होने पर खुशी जाहिर की। नड्डा ने X (ट्विटर) पर पोस्ट में कहा- मुझे खुशी है कि JDS ने NDA का हिस्सा बनने का फैसला किया है। हम NDA में उनका तहे दिल से स्वागत करते हैं। इससे NDA और प्रधानमंत्री के विजन ‘न्यू इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया’ को और मजबूती मिलेगी।
येदियुरप्पा ने कहा था- JDS भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगी
इसके पहले कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने 8 सितंबर को बताया कि JDS लोकसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह (JDS) को लोकसभा की 4 सीटें देने पर सहमत हो गए हैं। हालांकि, पहले JDS कर्नाटक की 28 सीटों में से पांच सीटें मांग रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री और JDS सुप्रीमो एचडी देवेगौड़ा ने इसके पहले अमित शाह और BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इसमें दोनों पार्टियों के साथ आने पर सहमति बनी थी। JDS कर्नाटक की मांड्या, हासन, बेंगलुरु (ग्रामीण) और चिकबल्लापुर सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। अभी यह पता नहीं चला है कि BJP JDS को कौन सी सीटें देने पर राजी हुई है।