आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जापान एयरलाइन्स के एक प्लेन में टोक्यो के हानेडा एयरपोर्ट के रनवे पर आग लग गई। जापानी न्यूज एजेंसी क्योडो के मुताबिक, आशंका है कि लैंडिंग के दौरान विमान कोस्ट गार्ड के प्लेन से टकरा गया था। फिलहाल, फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। जापान एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने कहा कि विमान होक्काइडो के शिन-चिटोस हवाई अड्डे से निकला था और इसमें 300 से अधिक यात्री सवार थे।हादसे में नुकसान से जुड़ी कोई जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
10 राज्यों में फैला कोरोना का नया वैरिएंट, टोटल 263 केस रिपोर्ट हुए; अकेले केरल में 133
देश में कोरोना के नए सब-वैरिएंट JN.1 से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 263 हो गई है। इसमें से आधे केस ज्यादा केस अकेले केरल (133) में ही है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक संक्रमण 10 राज्यों तक पहुंच गया है। इनमें केरल के अलावा गोवा (51), गुजरात (34), दिल्ली (16), कर्नाटक (8), महाराष्ट्र (9), राजस्थान (5), तमिलनाडु (4), तेलंगाना (2) और ओडिशा (1) शामिल हैं।
देश में कोरोना की स्थिति की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 573 नए केस सामने आए हैं। एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 4,565 पहुंच गई है, जबकि कर्नाटक और हरियाणा में 2 लोगों की मौत हुई है।
देशभर में कोरोना के शुरू होने के बाद से अब तक संक्रमण के 4.5 करोड़ केस सामने आए हैं, वहीं 5.3 लाख लोगों की मौत चुकी है। कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 4.4 करोड़ से पार हो गई है। नेशनल रिकवरी रेट 98.81% है।
इलेक्टोरल बॉन्ड की 30वीं किश्त को सरकार की मंजूरी, आज से 11 जनवरी तक बिक्री होगी
इलेक्टोरल बॉन्ड की 30वीं किश्त को सरकार ने मंजूरी दे दी है। आज (2 जनवरी) से 11 जनवरी तक इलेक्टोरल बॉन्ड को खरीदा जा सकता है। फाइनेंस मिनिस्ट्री ने सोमवार (1 जनवरी) की इसकी सूचना जारी की।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बेंगलुरु, लखनऊ, शिमला, देहरादून, कोलकाता, गुवाहाटी, चेन्नई, पटना, नई दिल्ली, चंडीगढ़, श्रीनगर, गांधीनगर, भोपाल, रायपुर और मुंबई ब्रांच से बॉन्ड्स की बिक्री होगी।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक चुनावी बांड, जारी होने की तारीख से 15 दिन के लिए वैध होंगे। इस समय सीमा के खत्म होने के बाद बॉन्ड जमा किया जाएगा तो किसी भी राजनीतिक दल को कोई पेमेंट नहीं होगी।
जम्मू-कश्मीर में हिली धरती, 3.9 तीव्रता का भूकंप आया
जम्मू-कश्मीर में आज (मंगलवार) सुबह 11.33 बजे 3.9 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप की गहराई में जमीन में पांच किमी अंदर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान की बात सामने नहीं आई है, स्थिति सामान्य है।