आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / रीवा : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के रीवा परिसर के नवीन भवन का लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल एवं कुलपति केजी सुरेश द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रुप में पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, नगर निगम रीवा के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर रीवा प्रतिभा पाल, कुलसचिव अविनाश वाजपेयी, कैंपस मेंटर मणि नायर, रीवा परिसर प्रभारी सूर्यप्रकाश विशेष रुप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस कार्यक्रम में वर्चुअली रूप से जुड़े। अपने वर्चुअल संबोधन में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रीवा परिसर के सर्वसुविधायुक्त भवन के लोकार्पण करने से मैं बहुत खुश हूं ।
पत्रकारिता को लोकतंत्र का आधार स्तम्भ बताते हुए उन्होंने कहा कि गर्व है कि माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की ख्याति देश ही नहीं, पूरी दुनिया में है । उन्होंने विश्वविद्यालय के रीवा परिसर के निर्माण पर विद्यार्थियों एवं प्रदेश को शुभकामनायें प्रेषित की। अतिथिगणों का स्वागत विश्वविद्यालय परिसर में बैगा जनजाति के ढोल-बाजे के साथ मनमोहक एवं भव्य रुप में किया गया।
जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अपने मुख्य उद्बोधन में कहा कि रीवा परिसर का लोकार्पण विंध्य में शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर सावित होगा । उन्होंने डिग्री कॉलेज, मेडिकल, पॉलिटेक्निक जैसे संस्थानों के विकास की कड़ी में रीवा परिसर को एक और बड़ी उपलब्धि बताया। बिल्डिंग के आर्किटेक्चर की सराहना करते हुए बिल्डिंग निर्माण के संघर्ष को भी स्मरण किया। शुक्ल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय को शिक्षा और समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए विश्वविद्यालय से और व्यापक भूमिका का आह्वान किया।
जनसंपर्क मंत्री ने तत्काल प्रभाव से परिसर में बालिका छात्रावास एवं शिक्षक आवास के निर्माण की भी घोषणा करते हुए परिसर में भूमि पूजन भी किया गया। जनसंपर्क मंत्री ने परिसर के नवनिर्मित टीवी स्टूडियो “एमसीयू दर्शन” का भी उद्घघाटन कर शिक्षक कपिल देव प्रजापति के नेतृत्व में एमए-जनसंचार की विद्यार्थी प्राची पाण्डेय को साक्षात्कार देकर टीवी स्टूडियो का आरंभ किया। इस अवसर पर परिसर में पौधारोपण भी किया गया ।
कुलगुरु के.जी. सुरेश ने अपने संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री एवं विशिष्ट अतिथिगणों का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने यह भी बताया कि इंडिया टुडे की रैंकिंग में माखनलाल विश्वविद्यालय टॉप 10 में आता है और यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने रीवा परिसर के निर्माण की तेजी को सराहते हुए परिसर की प्रशंसा की और आने वाले दिनों में परिसर को अधिक व्यापक और भव्य रूप देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भोपाल एवं रीवा परिसर में ग्रामीण पत्रकारिता एक अहम भूमिका निभा रही है।माखनलाल विश्वविद्यालय के महत्व को बताते हुए कहा कि प्रदेश के गांव-गांव तक माखनलाल विश्वविद्यालय ने कंप्यूटर की शिक्षा को पहुंचाया है।