आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लारकीपोरा में एक मिनी ट्रक के अंदर धमाका हो गया। इस घटना में आठ लोग झुलस गए। पुलिस ने किसी तरह के आतंकी एंगल से इनकार किया है। बताया गया कि मिनी ट्रक पर कई मजदूर सवार थे। इसी दौरान गाड़ी पर रखे सीमेंट मिक्स सेटलिंग वाइब्रेशन मशीन, पोर्टेबल जनरेटर और तेल के डिब्बे में विस्फोट हो गया। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा- अफसर हमारी बात नहीं सुनते
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से GNCTD (संशोधन) एक्ट 2023 को चुनौती देने वाली अपनी याचिका पर जल्द सुनवाई की अपील की है। केजरीवाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि दिल्ली के अफसर हमारी बात नहीं सुनते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली और केंद्र सरकार को चार हफ्ते में मामले का संकलन तैयार करने को कहा है। 12 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली सर्विस बिल कानून बन गया था।
इससे पहले केंद्र ने 19 मई को अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग पर अध्यादेश जारी किया था। अध्यादेश में उसने सुप्रीम कोर्ट के 11 मई के उस फैसले को पलट दिया, जिसमें ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिल्ली सरकार को मिला था। केंद्र सरकार ने अध्यादेश के जरिए दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के अधिकार उपराज्यपाल को दे दिए थे। दिल्ली सरकार इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी।
जम्मू-कश्मीर में SIA की रेड, ATM गार्ड की हत्या मामले में पुलवामा-शोपियां और अनंतनाग में कार्रवाई जारी
जम्मू-कश्मीर की स्टेट इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIA) दक्षिण कश्मीर के पुलवामा, शोपियां और अनंतनाग जिलों में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। SIA की यह कार्रवाई पुलवामा में एटीएम गार्ड की हत्या के मामले में हो रही है।
गैंगस्टर-टेरर नेटवर्क के खिलाफ NIA का एक्शन, UP-पंजाब सहित 6 राज्यों में 51 ठिकानों पर छापेमारी
राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NIA) ने गैंगस्टर-टेरर नेटवर्क के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी ने बुधवार सुबह पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 51 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह छापेमारी लॉरेंस बंबीहा और अर्श डल्ला गैंग के सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर हो रही है। पंजाब में करीब 30 और हरियाणा में 4 जगहों पर छापेमारी की सूचना है। NIA की एक टीम बठिंडा में गुरप्रीत सिंह नाम के शख्स के घर पहुंची है। इस कार्रवाई को खालिस्तानी-आतंकियों के गठजोड़ से जोड़कर देखा जा रहा है।
मथुरा रेलवे स्टेशन पर पटरी छोड़ प्लेटफॉर्म पर चढ़ी ट्रेन, एक यात्री घायल
UP के मथुरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात एक ट्रेन पटरी छोड़कर प्लेटफॉर्म पर चढ़ गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। एक बच्चा ट्रेन के नीचे आ गया। हालांकि, उसे कोई चोट नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक यात्री को चोट लगी है। रेलवे अधिकारी मामले की जांच कर रही है।
कनाडा में हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर एंटनी रोट ने दिया इस्तीफा
कनाडा में हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर एंटनी रोट ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, 24 सितंबर को उन्होंने संसद में एक पूर्व नाजी सैनिक को वॉर हीरो बताकर सम्मानित किया था।
हालांकि, बाद में स्पीकर ने अपनी इस गलती के लिए माफी मांग ली थी। उन्होंने कहा था कि मुझे नहीं पता था कि वो बुजुर्ग नाजी सैनिक है। मुझे अपने निर्णय पर पछतावा हो रहा है। मैं कनाडा में रह रहे यहूदी समुदाय के लोगों से माफी मांगता हूं। इस घटना के बाद से ही कनाडा की विपक्षी पार्टी स्पीकर के इस्तीफे की मांग कर रही थीं।
दअरसल, नाजियों (एडोल्फ हिटलर की सेना) ने सेकेंड वर्ल्ड वॉर के दौरान 11 लाख से ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। इसमें ज्यादातर यहूदी थे।