आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाब के जालंधर में पठानकोट बाइपास हाईवे पर गो मांस से भरा ट्रक बजरंग दल और शिवा सेना नेताओं ने पकड़ लिया। रविवार देर रात जालंधर कमिश्नरेट के थाना डिवीजन नंबर-8 के बाहर जमकर हंगामा भी हुआ। इस मामले में सोमवार को थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। केस में गो तस्करी सहित विभिन्न धाराएं जोड़ी गई हैं। वहीं, 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

गुस्साए हिंदू संगठनों ने गो मांस से भरे ट्रकों में जमकर तोड़फोड़ की। प्राथमिक जांच में पता चला है कि गो मांस से भरा हुआ ट्रक हरियाणा के पानीपत से लोड होकर जम्मू और फिर कश्मीर तक जाना था। मामले की जांच कर रहे ASI गुरविंदर सिंह ने बताया कि गो मांस के सैंपल भरवाए गए हैं।

पानीपत से हिंदू संगठनों को मिली थी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार गो तस्करी को लेकर बजरंग दल और शिव सेना नेताओं के पानीपत वाले साथियों ने सूचना दी थी, जिसमें पता चला कि गो मांस से भरा हुआ ट्रक पानीपत से जालंधर होते हुए जम्मू जाने के लिए रवाना हुआ है। सूचना के आधार पर देर रात हिंदू नेताओं ने हाईवे पर ट्रैप लगा दिया। पीएपी चौक के पास से ट्रक नंबर कंफर्म हुआ तो नेताओं ने पीछा करना शुरू किया और पठानकोट चौक के पास ट्रक को घेर लिया।

ट्रक चालक ने ऑटो को मारी टक्कर

नेताओं को पीछा करता देखा गो मांस लेकर जा रहे ट्रक चालक ने जल्दबाजी में एक ऑटो की भी टक्कर मार दी। गनीमत रही कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। देर रात हुए हंगामे के बाद एडीसीपी बलविंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया।

मिली जानकारी के अनुसार थाना-8 की पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। जालंधर पुलिस जल्द श्रीनगर की एमएस आफताब मीट शॉप के मालिक को सम्मन जारी कर जांच में शामिल करेगी। क्योंकि पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया ट्रक उक्त नाम से रजिस्टर्ड है।