आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : फिलिस्तीनी संगठन हमास ने इजराइल के तीन शहरों पर रॉकेट अटैक कर दिया है। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे राजधानी तेल अवीव, स्देरोट, अश्कलोन समेत 7 शहर में रॉकेट दागे गए। ये रॉकेट रिहायशी इमारतों पर गिरे हैं। 6 लोगों की मौत हो गई है। 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
हमास ने दावा किया है कि उन्होंने इजराइल पर 5 हजार रॉकेट्स से हमला किया है। वहीं, इजराइल की सेना का कहना है कि गाजा पट्टी से 2,200 रॉकेट फायर किए गए।
कुछ देर में डिफेंस मिनिस्ट्री के हेडक्वार्टर में इजराइली कैबिनेट की बैठक होगी। यहां प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू हमास के खिलाफ आधिकारिक तौर पर जंग का ऐलान कर सकते हैं।
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक हमास ने इन हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए इजराइल के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इधर, इजराइल की सेना ने ‘ऑपरेशन आयरन स्वॉर्ड’ शुरू कर दिया है। सेना हमास के ठिकानों पर हमले कर रही है।
इसके पहले सेना कहा था कि वो जंग के लिए तैयार है। आर्मी ने अपने सैनिकों के लिए ‘रेडिनेस फॉर वॉर’ का अलर्ट जारी कर दिया था।
बड़े अपडेट्स…
येरूशलम पोस्ट के मुताबिक, हमास लड़ाकों ने कई कस्बों पर कब्जा कर लिया है।
इजराइल की अनादोलु एजेंसी के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में 4 फिलिस्तीनी मारे गए हैं।
हमास बोला- ये अल-अक्सा मस्जिद को अपवित्र करने का बदला
हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने कहा- चल रहे ऑपरेशन को अल-अक्सा फ्लड नाम दिया गया है। ये येरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।
सोशल मीडिया पर हमले की तस्वीरें वायरल
हमले से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं। अश्कलोन शहर में हुए हमले के एक वीडियो में इमारत और सड़कों पर खड़ी गाड़ियों को जलते देखा जा सकता है। हमले में 5 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 70 साल की बुजुर्ग महिला है।
सड़कों पर घूमते दिख रहे हमास के लड़ाके
इजराइल हमास को आतंकी संगठन कहता है इसलिए शनिवार को हुए हमले को इजराइल ने आतंकी हमला बताया है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें लड़ाकों को घूमते देखा जा सकता है। हालांकि इन वीडियोज की पुष्टि नहीं हो पाई है। अश्कलोन और तेल अवीव में सैनिकों की संख्या बढ़ा दी गई है।
सऊदी देने वाला था इजराइल को मान्यता, इसी बीच हमास ने किया हमला
ये हमला ऐसे समय हो रहा है जब अमेरिका सऊदी अरब और इजराइल के बीच समझौता करवाकर इजराइल को मान्यता दिलाने की कोशिश कर रहा है। दरअसल, कुछ दिन पहले ही सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कहा था कि वो इजराइल के साथ रिश्ते सामान्य करने के बेहद करीब हैं।
क्राउन प्रिंस ने उन रिपोर्ट्स को भी खारिज कर दिया था, जिसमें कहा गया था कि फिलिस्तीन के मुद्दे को लेकर सऊदी अरब ने इजराइल के साथ रिश्ते सुधारने की बातचीत को रोक दिया है। हालांकि, MBS ने कहा- हमारे लिए ये मुद्दा बेहद अहम है। इस मसले को सुलझाना बहुत जरूरी है, जिससे फिलिस्तीनियों का जीवन आसान हो सके।