आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर में भारत की जीत के बाद शहर के हर रास्ते पर हाथों में तिरंगा लेकर क्रिकेट प्रेमी निकल पड़े। देर रात तक इंदौरियों ने जश्न मनाया। इंदौर के होलकर स्टेडियम मे हो रहे वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया 99 रन से हराया। भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए इंदौरी 56 दुकान पर इकट्ठा हुए। यहां सभी ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
लगातार गिर रहे ऑस्ट्रेलिया के विकेट के कारण भारत की जीत पहले से तय हो चुकी थी। इसके चलते युवाओं ने भी तैयारियां कर रखी थीं। शहर के अलग अलग इलाकों में युवाओं के हाथों में तिरंगा झंडा लहरा रहा है और जोरदार आतिशबाजी शुरू हो गई। 56 दुकान में पहुंच कर लोगों ने जश्न मनाया। भारतीय टीम को भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर बधाई दी है।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को चार सौ रन का टारगेट दिया और शानदार गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 99 रन से हराया। इतना ही नहीं, टीम ने इंदौर के होलकर स्टेडियम में अपना अजेय रिकॉर्ड कायम रखा है।
बारिश के कारण दो बार रुका खेल
सीरीज का दूसरा मुकाबला भी बारिश से प्रभावित रहा। इस मुकाबले की दोनों पारियों के बीच में बारिश हुई। पहली बार बारिश भारतीय पारी के दौरान आई। उसके बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी के समय भी बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा। ऐसे में अंपायर्स ने ऑस्ट्रेलिया को संशोषित लक्ष्य दिया।
वनडे मैच के लिए फिर लकी साबित हुआ इंदौर, 7वा वनडे भारत ने जीता
15 अप्रैल 2006 – भारत इंग्लैंड से 7 विकेट से जीता
17 नवंबर 2008 – भारत इंग्लैंड से 54 रनों से जीता
8 दिसंबर 2011 – भारत वेस्टइंडीज से 153 रनों से जीता
14 अक्टूबर 2015 – भारत दक्षिण अफ्रीका से 22 रनों से जीता
24 सितंबर 2017 – भारत ऑस्ट्रेलिया से 5 विकेट से जीता
24 सितंबर 2023 – भारत ऑस्ट्रेलिया से 99 रन से जीता
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया था 400 का टारगेट बारिश के कारण हुआ रिवाइज्ड
इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 399 रन बनाए और कंगारुओं को 400 रन का टारगेट दिया। यह भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले, भारतीय टीम ने 2013 में बेंगलुरु में 383 रन का स्कोर बनाया था। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी।
भारतीय ओपनर शुभमन गिल (104 रन) और श्रेयस अय्यर (105 रन) ने शतकीय पारियां खेलीं, जबकि केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक जमाए। ऑस्ट्रेलियाई टीम से कैमरून ग्रीन ने 2 विकेट लिए। जोश हेजलवुड, सॉन एबॉट और एडम जम्पा को एक-एक विकेट मिला। बारिश के कारण ऑस्ट्रेलिया को 33 ओवर में 317 रन का रिवाइज्ड टारगेट दिया गया था।