आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंडिगो फ्लाइट विवाद मामले में आरोपी पैसेंजर साहिल कटारिया को गिरफ्तार करने बाद उसे जमानत मिल गई। 14 जनवरी को इंडिगो की फ्लाइट के 13 घंटे की देरी के बाद आरोपी साहिल ने पायलट को थप्पड़ जड़ दिया था। घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था। विवाद का वीडियो रिकॉर्ड करने वाली एक्ट्रेस ने पायलट को भी जिम्मेदार ठहराया।

भारत में रहने वाली रशियन मॉडल और एक्ट्रेस एवगेनिया बेल्सकाया भी दिल्ली से गोवा जाने वाली इंडिगो फ्लाइट (6E-2175) में सवार थीं। उन्होंने कहा कि पायलट देरी के लिए पैसेंजर्स को दोषी बता रहा था। दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान में 13 घंटे की देरी होने की वजह से जब पैसेंजर ने पायलट को थप्पड़ मारा, तब एवगेनिया ने ही वीडियो रिकार्ड किया था।

बेल्सकाया ने कहा, मैं अपनी टीम के साथ दिल्ली से गोवा जा रही थी। फ्लाइट के लिए मैं जल्दी एयरपोर्ट पर पहुंच गई, जो सुबह 7:40 बजे टेक-ऑफ करने वाली थी। इंडिगो टीम कह रही थी कि फ्लाइट में एक घंटे की देर है, लेकिन ऐसा कम से कम 10 घंटे तक चलता रहा। इस दौरान हमें फ्लाइट में चढ़ने नहीं दिया गया, बाहर ही बैठाए रखा।

आप सवाल पूछ रहे, इसलिए हमें देरी हो रही

बेल्सकाया बताती हैं- ‘जब हम फ्लाइट में चढ़े तो दो घंटे डिले की जानकारी दी गई। इस बात से नाराज जब पैसेंजर्स पायलट से सवाल पूछने लगे तो पायलट ने आकर कहा- आप बहुत सारे सवाल कर रहे है। इस वजह से हमारी बारी चूक गई।’

हालांकि, बेल्सकाया ने पायलट को थप्पड़ मारने की घटना को गलत बताया। उन्होंने वीडियो मैसेज के जरिए कहा कि पायलट को मारना गलत है, लेकिन वे पैसेंजर्स को क्यों दोष दे रहे हैं? हर कोई घबराया हुआ था और उनका सपोर्ट करने के बजाय पायलट ने इसे और बिगाड़ दिया। बेल्सकाया ने इंडिगो फ्लाइट में हुए विवाद की कहानी इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर शेयर की है।

एयर होस्टेस बोली थी- आप ऐसा नहीं कर सकते

आरोपी साहिल कटारिया ने जब को-पायलट अनूप कुमार को थप्पड़ मारा तो बीच बचाव के लिए आई एयर होस्टेस ने कहा- सर, ये गलत है। आप ऐसा नहीं कर सकते। इस पर पैसेंजर ने कहा- मैं ऐसा क्यों नहीं कर सकता। आरोपी साहिल ने पायलट को मारने के बाद भी कहा था, ‘चलना है तो चला, वरना गेट खोल।’

एयरलाइन ने पैसेंजर के खिलाफ FIR कराई

घटना के बाद फ्लाइट में मौजूद लोगों ने भी पैसेंजर की हरकत का विरोध किया। इसके बाद उसे विमान से बाहर कर सुरक्षा बलों को सौंप दिया गया। इंडिगो ने उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई जिसके बाद कटारिया को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में सीआरपीसी की धारा 41 के तहत नोटिस दिए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।

मीडिया में आए एक वीडियो में प्लेन से सुरक्षा कर्मी जब आरोपी पैसेंजर को उतार रहे थे तो वह हाथ जोड़ता नजर आया। कहा जा रहा है कि उसने माफी मांगी।