आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : IIT-BHU में 1 नवंबर की रात गैंगरेप के बाद तीनों आरोपी घर जाकर सो गए थे। वारदात के बाद 3 दिन तक यह वाराणसी में ही रहे। इस दौरान ये सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहे। आरोपी कुणाल पांडेय ने यूपी के मंत्री की पोस्ट भी शेयर की। इसके बाद तीनों मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में BJP प्रत्याशी की कैंपेनिंग के लिए चले गए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात के बाद कुणाल ने सक्षम और अभिषेक को जिवधीपुर, बजरडीहा में उनके घरों पर छोड़ा। इसके बाद अपने घर बृज एन्क्लेव कॉलोनी, सुंदरपुर चला गया। वाराणसी में 3 दिन रहने के दौरान उन्होंने ज्यादा लोगों से मुलाकात नहीं की, सिर्फ काम से निकलते थे और वापस घर आ जाते थे।
वारदात के करीब 60 दिन बाद यानी 30 दिसंबर को BJP IT सेल में काम करने वाले तीनों आरोपियों को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन सवाल है कि ये तीनों 60 दिनों तक कहां थे?
यह जानने के लिए दैनिक भास्कर ने मध्य प्रदेश में BJP IT सेल के प्रमुख अभिषेक शर्मा से बातचीत की। तीनों आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाला। आस-पास के लोगों से बातचीत की। चलिए, आपको सिलसिलेवार तरीके से सब कुछ बताते हैं…
BJP IT सेल के प्रमुख बोले-हमारे यहां बुलाने की बात गलत
वाराणसी IT सेल में काम करने वाले तीनों आरोपियों के वारदात के बाद मध्य प्रदेश चुनाव की कैंपेनिंग के लिए जाने की बात सामने आई थी। इसे लेकर भास्कर ने मध्य प्रदेश के BJP IT सेल के प्रमुख अभिषेक शर्मा से बात की। उन्होंने बताया कि हमारी पूरी टीम इनहाउस है। यह काफी बड़ी है। ऐसे में बाहर से किसी को बुलाकर मदद लेने की बात पूरी तरह गलत है।
वह बताते हैं कि ऑफिशियली सिर्फ मेरी टीम में 10 हजार लोग हैं। इसमें पोजिशन होल्डर, डिस्ट्रिक्ट, मंडल, लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र में लोग हैं। जहां तक वाराणसी के आरोपियों की बात है, तो उन लोगों ने मेरी टीम को जॉइन नहीं किया।
रीवा के एक कैंडिडेट के लिए कर रहे थे सोशल मीडिया कैंपेनिंग
वाराणसी में BJP से जुड़े सूत्रों ने दैनिक भास्कर को बताया कि कुणाल, सक्षम और अभिषेक उर्फ आनंद वारदात के बाद मध्य प्रदेश चले गए थे, हालांकि BJP के सेंट्रल IT सेल के लिए काम नहीं कर रहे थे। ये लोग रीवा में किसी कैंडिडेट के सोशल मीडिया कैंपेन को देख रहे थे। ऐसा भी नहीं है कि आरोपी वहां लगातार रह रहे थे। वे इस बीच कई बार रीवा से वाराणसी आते-जाते रहते थे।
क्या तीनों आरोपी रीवा में प्रत्याशी के लिए कैंपेनिंग कर रहे थे? इस सवाल पर मध्य प्रदेश में BJP IT सेल के प्रमुख अभिषेक शर्मा ने बताया कि इसकी जानकारी मुझे नहीं है।